मुंबई: सलमान खान के भतीजे अब्दुल्लाह खान का मुंबई के लीलावती अस्पताल में सोमवार की रात को निधन हो गया है. वह 38 साल के थे. हालांकि, उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, मगर एक पारिवारिक सूत्र के मुताबिक, उनका निधन दिल से संबंधित बीमारी के चलते हुआ है.
सलमान खान रिश्ते में अब्दुल्लाह खान के चाचा लगते हैं. यानी अब्दुल्लाह, सलमान खान की बुआ के बेटे के बेटे थे. पारिवारिक सूत्र के मुताबिक, वे लगभग 10 साल पहले मुंबई में शिफ्ट हो गये थे.
एबीपी न्यूज़ ने इंदौर निवासी और सलमान के पिता सलीम खान के चचेरे भाई मतीन खान से संपर्क किया तो उन्होंने कहा, "अब्दुल्लाह खान को बॉडी बिल्डिंग का बेहद शौक था. यूं तो वो बेहद हट्टे-कट्टे थे, मगर उन्हें डायबिटीज की शिकायत थी. दो दिन पहले उन्हें असहज महसूस हुआ तो वो खुद ही जाकर अंधेरी स्थित धीरूभाई कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में भर्ती हो गये थे, मगर जब सलमान खान को इस बात का पता चला तो उन्होंने अब्दुल्लाह को धीरूभाई कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल से निकालकर बांद्रा के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया था."
अब्दुल्लाह खान पहले सलमान खान के पैतृक शहर इंदौर में ही रहा करते थे, मगर मतीन खान के मुताबिक, वो तकरीबन 10 साल पहले मुम्बई में शिफ्ट हो गये थे और सलमान खान के 'बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन' से जुड़ गये थे. अब्दुल्लाह खान इस फाउंडेशन के तहत काम करनेवाले ब्रांड 'बीइंग स्ट्रॉन्ग' के कर्ता-धर्ता थे और फिटनेस संबंधी उत्पादों के लेन-देन में सक्रिय थे.
उनकी मौत की खबर आने के बाद सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदना प्रकट करते हुए अंग्रेजी में लिखा - "विल ऑल्वेज लव यू" यानी "मैं हमेशा तुम्हें प्यार करता रहूंगा."
शक्ति कपूर के बेटे और अभिनेता सिद्धांत कपूर ने अब्दुल्लाह की मौत पर अफसोस जताते हुए एबीपी न्यूज़ से कहा, "वो एक बहुत ही नेक लड़का था और मेरा बहुत अच्छा दोस्त था. उसे फिटनेस का बहुत शौक था. कुछ देर पहले जब उनके मौत की खबर मैंने सुनी तो मुझे इस बात पर कतई यकीन नहीं आया... वो बिल्कुल स्वस्थ थे. फिलहाल मुझे नहीं पता कि उनकी मौत की वजह क्या है."
इस बीच, मतीन खान ने इस बात को लेकर बहुत अफसोस जताया कि अब्दुल्लाह की मौत को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रहीं हैं और कोरोना वायरस के संक्रमण को उनकी मौत की वजह बताया जा रहा है. मतीन खान ने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि ऐसा कुछ भी नहीं था और इस तरह की बातें बेबुनियाद हैं. अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही इस बात का खुलासा हो जाएगा."
