Indian Idol 12: इंडियन आइडल 12 के विजेता पवनदीप राजन और अरुणिता कांजीलाल के बीच के रोमांस ने पूरे सीजन सुर्खियां बटोरीं थी. हालांकि, दोनों ने कहा कि वो कुछ और नहीं बल्कि करीबी दोस्त हैं. यहां तक कि फिनाले एपिसोड के दौरान भी पवनदीप के विजेता घोषित होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया था. पवनदीप ने अब इस बात का खुलासा किया है कि यादगार फिनाले के बाद अरुणिता ने उनसे क्या कहा. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पवनदीप ने कहा कि, ‘वो मेरी जीत के लिए खुश थी और उन्होंने मुझे बधाई दी थी.’
पवनदीप ने आगे कहा कि, ‘हमारे पास बोलने के लिए ज्यादा समय नहीं था, लेकिन मंच पर अरुणिता ने बधाई दी और कहा कि वो सच में मेरे लिए खुश हैं. ट्रॉफी को पकड़ना एक बहुत ही अलग एहसास था. हालांकि पिछले कुछ महीनों में हमने जो करीबी बंधन बनाया है. उसे देखते हुए मैं चाहता था कि हम में से एक जीत जाए. काश मैं अपने सभी पांच फाइनलिस्ट के साथ ट्रॉफी साझा कर पाता. अभी मेरे लिए ये बहुत मिक्स भावना है. मुझे पता है कि हर कोई इतना प्रतिभाशाली है कि हम सभी जल्द ही शानदार करियर बनाएंगे. जब भी हमें मौका मिलेगा हम साथ मिलकर काम करेंगे.’
रविवार को हुए 12 घंटे के फिनाले के बाद विजेता की घोषणा की गई. इस शो के फिनाले में कुमार सानू और उदित नारायण सहित कई सिंगर शामिल थे. सीजन के दौरान इंडियन आइडल ने कई विवादों को लेकर सुर्खियां बटोरीं थी. इंडियन आइडल 12 के निर्माताओं द्वारा पवनदीप और अरुणिता के बीच एक रोमांटिक एंगल को दिखाने की कोशिश की गई थी. इस शो के होस्ट आदित्य नारायण ने दोनों के रोमांटिक एंगल को दिखाने को लेकर कहा था कि, ‘हम मस्ती करते थे. लोग कहते हैं कि हम रियलिटी शो में मेकअप अफेयर्स बनाते हैं. ये सब झूठ है.’