साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश आज यानी 17 अक्टूबर को अपना 34वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं. इस खास मौके पर उनकी अपकमिंग सीरीज 'अक्का' का टीजर रिलीज हो चुका है. इस सीरीज में उनके साथ मशहूर एक्ट्रेस राधिका आप्टे भी अहम रोल में हैं. ये एक गैंगस्टर सीरीज है जिसमें कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे का दमदार अवतार देखने को मिला है. आइए देखते हैं कि टीजर में क्या खास है और ये सीरीज कब और कहां रिलीज होने वाली है?

Continues below advertisement

कीर्ति और राधिका की 'अक्का' का टीजर आउट 

अक्का में राधिका आप्टे, 'रुद्रा' नाम का किरदार निभा रही हैं और कीर्ति सुरेश के रोल का नाम भवानी है. टीजर की शुरुआत में कीर्ति दमदार अंदाज में एंट्री लेती हुई दिखाई देती हैं, जबकि दूसरी ओर राधिका भी सधे हुए अंदाज में नजर आईं. इसमें एक ऐसी जगह की कहानी है जहां 800 सालों से सिर्फ महिलाओं का राज चल रहा है. कीर्ति कहती हैं, 'हमारे यहां औरतें सिर्फ घर नहीं, कारोबार भी चलाती हैं.'

Continues below advertisement

आमने-सामने हैं कीर्ति और राधिका

बता दें कि सीरीज में दोनों एक दूसरे के आमने-सामने हैं. ये कहानी बदले की भावना की कहानी है. इसमें एक तरफ कीर्ति अपने गैंग की मुखिया के तौर पर नजर आती हैं और जरूरत पड़ने पर खुद बंदूक उठाकर दुश्मनों को ढेर भी कर देती हैं. दूसरी ओर कीर्ति के रुतबे को देखने के बाद राधिका उनके राज को खत्म करने के लिए निकलती हैं. वो कहती हैं, 'बहनों का राज खत्म करने का वक्त आ गया है.'

कब और कहां रिलीज होगी 'अक्का'?

बता दें कि अक्का नेटफ्लिक्स पर 30 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है. इस क्राइम गैंगस्टर थ्रिलर वेब सीरीज का टीजर नेटफ्लिक्स इंडिया ने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'अक्का की हुकूमत. बहनों का राज और एक खतरे का साया. अक्का 30 अक्टूबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर देखें.'

राधिका और कीर्ति के साथ फिल्म में एक्ट्रेस तन्वी आमी भी एक अहम किरदार में दिखाई देंगी. धर्मराज शेट्टी के डायरेक्शन में बनी सीरीज अक्का को यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है. बता दें कि इसकी कहानी भी धर्मराज ने ही लिखी है.