भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल लंबे समय से अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं. पिछले महीने ही दोनों ने सगाई टूटने और अलग होने का ऑफिशियल ऐलान किया था, जिसके बाद अब फैंस के लिए खुशखबरी सामने आ रही है कि कपल का फिर से पैचअप हो गया है और दोनों एक बार फिर से साथ आ गए हैं. 

Continues below advertisement

पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने खुद पोस्ट शेयर करके अपने रिश्ते को एक बार फिर से ऑफिशियल कर दिया है और सगाई तोड़ने पर उन्होंने सफाई भी दी है. उनका कहना है कि उन्हें गुमराह किया गया था, जिसकी वजह से वो चीजों के समझ नहीं पाए.

आकृति अग्रवाल ने सगाई टूटने पर दी सफाई

Continues below advertisement

आकृति अग्रवाल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ अपने रिश्ते पर बात की और सगाई टूटने पर सफाई दी है. इसमें उन्होंने लिखा, 'एक पर्सनल क्लैरिफिकेशन.' इसमें उन्होंने सीधे तौर पर बताया कि किस वजह से सगाई तोड़ दी. वो लिखती हैं, 'जब मैंने अपनी सगाई तोड़ी तो मैंने अपने करीबी लोगों की राय को उन लोगों के साथ साझा किया, जो लोग हमारे रिश्ते को ज्यादा बेहतर समझते थे. उन लोगों की सोच ने मंगेतर और हमारे रिश्ते को देखने के तरीके पर असर डालने का काम किया.' 

वो आगे लिखती हैं, 'मुझे लगता है कि मैं गुमराह हो गई थी और हमने बिना किसी ईमानदार बातचीत के फैसला ले लिया जिसके हम हकदार थे.' हालांकि, इस दौरान उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया कि किसकी बातों में आकर वो गुमराह हो गईं. उन्होंने पोस्ट में आगे सारी जिम्मेदारी लेने की बात कही और लिखा, 'मैं सभी फैसलों और इससे हुए दुख की सारी जिम्मेदारी लेती हूं.'

यह भी पढ़ें: 'दृश्यम 3' ने दूसरे वीकेंड बनाए 3 बड़े रिकॉर्ड, बनी इंडियन सिनेमा की हाईएस्ट ग्रॉसर थ्रीक्वल फिल्म

हमने फिर से साथ आने का फैसला किया है- आकृति अग्रवाल

इतना ही नहीं, आकृति अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, 'हम अपनी फैमिली से खुलकर बात की और एक-दूसरे को समझा. फिर हमने फिर से साथ आने का फैसला लिया है. हम दोनों का साथ एक-दूसरे के लिए बहुत है. हमें किसी और की जरूरत नहीं है. इस समय मैं चाहती हूं कि हमारा भविष्य हमारी अपनी समझ, भरोसे और प्यार से तय हो.' वो अंत में लिखती हैं, 'कृपया हमारे फैसले का सम्मान करें क्योंकि हम फिर से शुरुआत कर रहे हैं.' हालांकि, पृथ्वी शॉ की ओर से कोई भी ऑफिशियल स्टेटमेंट सामने नहीं आया है.

मार्च में सगाई का ऐलान, सितंबर में तोड़ दिया था रिश्ता

गौरतलब है कि पृथ्वी और आकृति ने इसी साल मार्च 2026 में सगाई का ऐलान किया था. हालांकि, इनका रिश्ता 6 महीने भी नहीं टिक पाया था और सितंबर में आकृति ने खुद अलग होने का फैसला किया था. उन्होंने एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने दोनों के अलग-अलग लक्ष्यों और परिस्थितियों का हवाला दिया था. उन्होंने ये भी बताया था कि ये फैसला उन्होंने आपसी सहमति से लिया था. लोगों से किसी भी तरह की अटकलें ना लगाने का अनुरोध भी किया था. 

वहीं, दोनों के अलग होने से पहले खबरों में अटकलें लगाई जा रही थीं कि आकृति को रिश्ते में धोखा मिला है. जुलाई में उन्होंने धोखे से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी, जिसके बाद ये अफवाह उड़ी थी. हालांकि बाद में आकृति ने इससे इनकार भी किया था कि उनकी पोस्ट क्रिकेटर के लिए नहीं थी और पृथ्वी शॉ के साथ खुश होने की बात कही थी.