मुंबई: अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने सलमान खान की फिल्म 'भारत' को छोड़ने का फैसला किया है. अब डायरेक्टर अली अब्बास जफर ने कहा है कि वह जल्द ही इस फिल्म की नई हीरोइन के नाम का ऐलान करेंगे. इस फिल्म की शूटिंग कुछ समय पहले ही शुरु हो चुकी है और आज जफर ने ट्वीट कर कहा, "हां हां हां..हम जल्द ही 'भारत' की नई नायिका के नाम की घोषणा करेंगे. हम नॉन-स्टॉप शूटिंग कर रहे हैं और साथ ही अंतर्राष्ट्रीय शेड्यूल की तैयारी कर रहे हैं."
बता दें कि कल जफर ने ही सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि प्रियंका चोपड़ा ने ये फिल्म छोड़ दी है. साथ ही जफर ने ये भी साफ कर दिया था कि खास वजह से प्रियंका ने इस फिल्म के लिए मना किया है.
बता दें कि 'भारत' में सलमान खान के अलावा दिशा पटानी और तब्बू मुख्य भूमिका में हैं. ये 2014 में रिलीज हुई दक्षिण कोरियाई फिल्म 'ओड टु माई फादर' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है. इसके निर्माता अतुल अग्निहोत्री और भूषण कुमार हैं, जिनके प्रोडक्शन रील लाइफ और टी-सीरीज के तहत इस फिल्म का निर्माण हो रहा है. 'भारत' 2019 में ईद के मौके पर रिलीज होगी.