कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन लगा हुआ है, हालांकि इसके बावजूद भी लोग इसे तोड़ने से बाज नहीं आ रहे. इसी बीच ये खबर सामने आई थी कि विक्की कोशल ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन किया है. वहीं. विक्की कौशल का कहना है कि ये सब खबरें केवल अफवाहे हैं.

विक्की कौशल ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए स्पष्ट किया कि उनके बारे में लॉकडाउन नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली खबरें निराधार हैं. दरअसल,विक्की कौशल के बारे में यह खबरें सामने आई थी कि उन्होंने लॉकडाउन का पालन नहीं किया और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. इस पर अभिनेता ने अपने फैंस से अनुरोध किया कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें.

इसको लेकर उन्होंने गुरुवार को अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "मैंने लॉकडाउन का पालन नहीं किया और पुलिस ने पकड़ा, ये अफवाहें आधारहीन हैं. लॉकडाउन शुरू होने के बाद से मैंने अपने घर से बाहर कदम नहीं रखा है. मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें."

इस ट्वीट में उन्होंने मुंबई पुलिस को भी टैग किया है. विक्की को तुरंत उन प्रशंसकों का समर्थन मिला, जिन्होंने उन पर इस मुद्दे पर भरोसा जताया है. उनके ट्वीट पर टिप्पणी करते हुए एक प्रशंसक ने लिखा : "मुझे आप पर भरोसा है विक्की. मैं जानता था कि यह सब बकवास है. धन्यवाद." एक अन्य प्रशंसक ने कहा, "विक्की हमें आप पर भरोसा है. आप नियमों को नहीं तोड़ेंगे."

आपको यहां बता दें कि हाल ही में विक्की कौशल की सोसायटी में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है. विक्की मुंबई की ओबेरॉय स्प्रिंग्स कॉम्प्लेक्स में रहते हैं. इस मशहूर बिल्डिंग की एक विंग में कोरोना वायरस का मामला सामने आया था. जिसके बाद इसे सील कर दिया गया है.

विक्की के अलावा इस बिल्डिंग के तीनों विंग्स में 16 बॉलीवुड से जुड़े कलाकार रहते हैं. जिनमें अभिनेता चित्रांगदा सिंह, चाहत खन्ना, अहमद खान, सपना मुखर्जी, राजकुमार राव-पत्रलेखा, राहुल देव-मुग्धा गोडसे, कृष्णा अभिषेक-कश्मीरा शाह, नील नितिन मुकेश, आनंद एल. राय, अर्जन बाजवा, विपुल शाह और प्रभुदेवा शामिल हैं.