Pulwama Terror Attack : 14 फरवरी को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर अपना दुख और गुस्सा जाहिर करते हुए वरुण धवन ने एक पोस्ट शेयर किया है. वरुण ने न सिर्फ इस आतंकी हमले की निंदा की है बल्कि सरकार से इसका बदला लेने की अपील भी की है. वरुण धवन ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर की एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. उन्होंने लिखा, ''जय हिंद, मैं कभी हिंसा का समर्थन नहीं करता लेकिन मेरे देश के जवानों पर हुए इस कायराना आतंकी हमले के बाद में मुझे ये कहना पड़ रहा है. बहुत लंबे समय से हमारे जवान इस कायरता का शिकार हो रहे हैं. आतंकवाद इन दिनों एक व्यवसाय बन गया है और हमारे जवान इससे बेहतर के हकदार हैं. आतंक के इस कारोबार को हम और आगे नहीं बढ़ने दे सकते.''
वरुण धवन ही नहीं बॉलीवुड के कई और सेलेब्स भी इस आतंकी हमले को लेकर अपना रोष व्यक्त कर चुके हैं और इसके बदले की मांग भी लगातार उठ रही है. इस आतंकी हमले को लेकर वरुण धवने हमले की निंदा की थी. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, ''पुलवामा आतंकवादी हमला सेना के जवानों पर किया गया एक कायराना हमला है. इन शहीद जवानों के लिए दिलभर जाता है. हमारे जवानों को ऐसे दुश्मन का समाना करना पड़ रहा है जो पीछे से हमला करते हैं और छुप जाते हैं. ''
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बृहस्पतिवार को हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे, जबकि पांच अन्य घायल हैं. जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमलावर ने 100 किलोग्राम विस्फोटक से भरे एक वाहन से सीआरपीएफ की बस को टक्कर मारकर इस हमले को अंजाम दिया था.