मुंबई: फिल्मकार करन जौहर का कहना है कि वरूण धवन और आलिया भट्ट की मुख्य भूमिका वाली ‘‘दुल्हनिया’’ श्रृंखला की दूसरी फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है तो वो इस श्रृंखला की तीसरी फिल्म बनाएंगे.
करन जौहर ने वरूण धवन और आलिया को लेकर साल 2014 में ‘हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया’ बनाई थी. ये तिकड़ी अब इसकी दूसरी कड़ी ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ के साथ फिर बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने के लिए तैयार है.
फिल्म ‘‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर संवाददाताओं से बात करते हुए करन ने कहा, ‘‘हमारी दुल्हनिया श्रृंखला की तीसरी कड़ी बनाने की भी योजना है. पहली फिल्म को दर्शकों का काफी प्यार मिला और अगर दूसरी फिल्म भी दर्शकों का उतना ही प्यार पाती है तो हम इसकी तीसरी कड़ी भी बनाएंगे. टीम यही रहेगी.’’
