बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुए जानलेवा हमले के बाद अब उनकी पहली तस्वीरें और वीडियो सामने आई है. विजुअल्स में एक्टर शर्टलेस नजर आ रहे हैं और उनके शरीर पर चोट के निशान साफ देखे जा सकते हैं. यह तस्वीरें उस दौरान की हैं जब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली.

Continues below advertisement

इन तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के शरीर पर लगे बैंडेज साफ देखे जा सकते हैं. उनके दाहिने हाथ पर कोहनी से लेकर कलाई तक क्रेप बैंडेज बंधी हुई है, जबकि दाहिने कंधे और सीने पर भी ड्रेसिंग लगी दिखाई दे रही है.

Continues below advertisement

मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जो भी लोग इसमें शामिल हैं हम उन्हें किसी भी सूरत में बख्शेंगे नहीं.

 

टाइगर की कार पर 7 राउंड फायरिंग

आज टाइगर श्रॉफ की कार पर हमलावरों ने बेहद करीब आकर हमला किया. कार के शीशे पर करीब 7 राउंड गोलियां दागीं गईं. फायरिंग के वक्त ड्राइविंग सीट पर उनका ड्राइवर था, जबकि बगल वाली सीट पर खुद टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे. 

इस फायरिंग में ड्राइवर घायल हो गया जिसे खुद टाइगर श्रॉफ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. अभी ड्राइवर का इलाज मुंबई के नानावती अस्पताल में चल रहा है.

हमलावरों की बाइक बरामद

इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच तुरंत एक्शन मोड में आ गई हैं. मामले की जांच के लिए पुलिस ने स्पेशल टीमों का गठन किया है, जिनमें से 8 टीमों को तुरंत आरोपियों की धरपकड़ के लिए रवाना कर दिया गया है. रेलवे स्टेशनों पर नाकेबंदी की गई है. कुर्ला, बांद्रा, कल्याण और दादर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पुलिस टीमें तैनात कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है.

एक हिरासत में, बाइक जब्त

घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के इनपुट के आधार पर संदिग्ध के कपड़ों से पहचान की गई है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है.

पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जुहू में वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरी वेस्ट की तरफ भागे थे, जहां उन्होंने अपनी बाइक छोड़ दी थी. पुलिस ने इस लावारिस बाइक को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.

लॉरेंस बिश्नोई ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है. बिश्नोई ग्रुप की ओर से अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई ने पोस्ट शेयर की और लिखा, 'जय महाकाल, जय श्री राम आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया. इसलिए आज इसको बढ़िया तरीके से समझा दिया और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा. बस देखो और इंतजार करो.'

मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई

इस घटना के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है. पुलिस ने जुहू इलाके में सभी वीआईपी और मशहूर हस्तियों की सुरक्षा बढ़ा दी है. वहीं रोहित शेट्टी की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है.