बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग ने हर किसी को हैरान कर दिया. 18 अक्टूबर की शाम बाइक सवार हमलावरों ने उनकी BMW कार पर सात राउंड गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए. इस मामले में पुलिस ने तीनों शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि वो ट्रेन से दिल्ली जा रहे थे.

Continues below advertisement

अब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में टाइगर श्रॉफ के बाहर निकलने से लेकर उनकी कार पर फायरिंग होने तक की घटना दिखाई दे रही है. टाइगर मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क में फुटबॉल खेलने गए थे. वहां से बाहर निकलते समय कुछ फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे. टाइगर कार में बैठे थे और उनके ड्राइवर गाड़ी चला रहे थे.

अचानक कार के पास पहुंचे दो शूटर

वीडियो में देखा जा सकता है कि इसी दौरान दो हमलावर टाइगर की कार के पास पहुंचते हैं और फायरिंग शुरू कर देते हैं. वहीं, तीसरा शूटर बाइक पर बैठा नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कार पर कई राउंड गोलियां चलाईं. इसके बाद तीनों बाइक से मौके से फरार हो गए.

टाइगर सुरक्षित, ड्राइवर को लगी गोली

इस घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी और वो सुरक्षित हैं. हालांकि, फायरिंग के दौरान उनके बाएं हाथ और शरीर पर चोटें आईं. वहीं, उनके ड्राइवर को एक गोली लगी है. ड्राइवर के घायल होने के बाद टाइगर खुद कार चलाकर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे. घटना में एक ऑटो चालक भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

तीनों शूटर ट्रेन नंबर 12939 से कर रहे सफर

पुलिस ने तीनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें से दो हरियाणा और एक महाराष्ट्र का रहने वाला बताया जा रहा है. तीन शूटरों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि तीनों ट्रेन नंबर 12939 पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे. ये ट्रेन पुणे से चलकर मुंबई से होते हुए कोटा पहुंचती है और फिर जयपुर जाती है. फायरिंग के बाद तीनों संदिग्ध इसी ट्रेन से मुंबई से भागने की कोशिश कर रहे थे. ट्रेन के कोटा पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. 

कौन हैं तीनों शूटर?

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले 17 वर्षीय फूल सिंह, बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले 18 वर्षीय रेहान शामिल हैं.