'बत्ती गुल मीटर चालू' में आएंगे शाहिद नजर, कहा- बेवजह नहीं लेता रिस्क
usha | 09 Sep 2018 05:12 PM (IST)
शाहिद कपूर का कहना है कि अभिनय के लिए उनका जुनून उन्हें लगातार अच्छा काम करने को प्रेरित करता है लेकिन साथ उनका मानना है कि एक अभिनेता के लिए बेमतलब के जोखिम उठाना भी बेतुका है.
नई दिल्ली: दूसरी बार पिता बने शाहिद कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' को लेकर सुर्खियों में हैं. शाहिद कपूर का कहना है कि अभिनय के लिए उनका जुनून उन्हें लगातार अच्छा काम करने को प्रेरित करता है लेकिन साथ उनका मानना है कि एक अभिनेता के लिए बेमतलब के जोखिम उठाना भी बेतुका है. ‘इश्क विश्क’, ‘विवाह’ जैसी फिल्मों से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले शाहिद को ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए काफी सराहना मिली. शाहिद कपूर ने कहा, ‘‘जोखिम उठाना और अलग-अलग तरह के काम करना बेतुका है लेकिन वहीं दूसरी ओर खुद को हर सयम बेहतर बनाने की भी आवश्यकता है. आज के दौर में दर्शक विभिन्न तरह की चीजें देखना चाहते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुद को बेहतर बनाना और ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचना चाहता हूं. मैं ऐसी कहानियां बयां करना चाहता हूं जो नई हैं, अलग हैं और कला से समझौता किए बिना भी रोमांचक हो. यह एक मुश्किल संयोजन होगा.’’ शाहिद कुछ दिन पहले ही एक बेटे के पिता बने हैं. उनकी दो साल की एक बेटी मीशा कपूर भी है. उन्होंने अपने बेटे का नाम जै़न कपूर रखा है. शाहिद की आने वाली फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ है.