नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा निशाना बनाया जाना अभिनेत्री सनी लियोनी के लिए नई बात नहीं है. हाल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर फिल्मकार राम गोपाल वर्मा ने उनके बारे में आपत्तिजनक ट्वीट किया था. लेकिन, इन सबसे निपटने का तरीका सनी जानती हैं. बस, वह इन सभी को ब्लॉक कर देती हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने से वह प्रभावित होती हैं, सनी ने ई-मेल के जरिए बताया, "नहीं, क्योंकि मेरे पास ब्लॉक बटन है. मैं इन बातों को ज्यादा महत्व नहीं देती. मुझे पता है कि मुझे फॉलो करने वाले फैंस मेरे साथ सालों से हैं और इसके लिए मैं उन्हें प्यार करती हूं." अभिनेत्री कहती हैं, "नफरत करने वाले ब्लॉक कर दिए जाते हैं." वर्मा ने सनी के बारे में विवादित पोस्ट में लिखा था, "मैं चाहता हूं कि पुरुषों को दुनिया की सभी महिलाएं उतना ही खुश करें जितना सनी लियोनी करती हैं." वर्मा के इस बयान की काफी आलोचना हुई थी. पुलिस में शिकायत तक दर्ज हुई थी.