नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता और नए नए सांसद बने सनी देओल अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जायज़ा लेते नज़र आए हैं. उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिनमें वो अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं. सनी देओल लोकसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर पंजाब के गुरदासपुर से मैदान में थे. उन्होंने वहां कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील जाखड़ को मात दी थी. जीत के बाद सनी देओल अब अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों का जायज़ा लेते नज़र आए हैं. बीते रोज़ सनी देओल ने अपने पहले ट्वीट में लिखा, "आज श्री कर्तारपुर साहिब कॉरिडोर की टीम से मिला और कॉरिडोर के विकास कार्यों का जायज़ा लिया." सनी देओल ने कुछ घंटे बाद एक और ट्वीट किया और लिखा, "सुजानपुर गया, ताकि वहां की आधारभूत ज़रूरतों को समझ सकूं." आपको बता दें कि सनी देओल को बीजेपी ने अपना लोकसभा उम्मीदवार बनाया था, जिसके बाद वहां से सनी चुनाव लड़े और भारी मतों से जीत भी हासिल की.