नई दिल्ली: दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘पद्मावती’ लगातार विवादों के साए में घिरती जा रही है. शुरूआत में राजपूत करणी सेना ने इस फिल्म का विरोध करना शुरू किया था, लेकिन बाद में देशभर में राजपूत समाज के लोग इसके विरोध में उतर आए. अब फिल्म का विरोध करने वालों में राजनेताओं का नाम भी सामने आने लगा है. विरोध करने वालों में ताजा नाम केंद्रीय मंत्री उमा भारती का जुड़ा है. उमा भारती ने 'पद्मावती' फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली पर राजपूत समुदाय की भावनाओं की परवाह न करने का आरोप लगाते हुए उन पर जोरदार हमला किया है.
उमा भारती ने दीपिका के 'अनादर' को अनैतिक बताया
हालांकि उन्होंने कहा कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का अनादर 'अनैतिक' है. राजपूत संगठन ‘करणी सेना’ ने धमकी दी है कि 'अगर यह फिल्म रिलीज हुई, तो शूर्पणखा की तरह दीपिका की नाक काट ली जाएगी.' करणी सेना को बीजेपी के कई नेताओं का समर्थन हासिल है.
उमा भारती ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए जिसमें उन्होंने कहा, "यदि हम पद्मावती के आदर के बारे में बात कर रहे हैं, तो यह हमारा नैतिक दायित्व है कि हर महिला का आदर करें." उन्होंने कहा, "फिल्म 'पद्मावती' की अभिनेत्री या अभिनेता का अनादर 'अनैतिक' है."
केंद्रीय मंत्री ने फिल्म देखे बिना भंसाली की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "निर्देशक और पटकथा लेखक के तौर पर काम कर रहे उनके सहयोगी इसकी कहानी के प्रति जिम्मेदार हैं. उनको लोगों की भावनाओं और ऐतिहासिक तथ्यों का ख्याल रखना चाहिए."
उमा भारती ने सेंसर बोर्ड पर जताया है भरोसा
बीजेपी की सांसद का कहना है कि उन्हें भरोसा दिया गया है कि सेंसर बोर्ड उठाए गए सभी मुद्दों का ध्यान रखेगा. उन्होंने कहा, "मुझे भरोसा है कि उन्हें (सेंसर बोर्ड) पहले ही लोगों द्वारा उठाई गई चिंताओं के बारे में सूचित कर दिया गया है."
उन्होंने कहा, "फिल्म सेंसर बोर्ड एक स्वतंत्र संस्था है. हमें उम्मीद है कि फिल्म को लोगों की भावनाओं पर विचार करते हुए मंजूरी दी जाएगी."
आपको बता दें कि पहले कोटा में फिल्म का विरोध कर रही राजपूत करणी सेना ने फिल्म की अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को नाक काटने की धमकी दी और अब मेरठ के क्षत्रिय समाज के ठाकुर अभिषेक सोम ने दीपिका और भंसाली की गर्दन काटने पर 5 करोड़ रुपए के इनाम का एलान किया है.
इस फिल्म में रानी पद्मावती का किरदार दीपिका ने निभाया है और अलाउद्दीन खिलजी का रोल रणवीर सिंह ने. शाहिद कपूर राजा रावल रतन सिंह के किरदार में हैं. फिल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.