मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज सलमान खान ने माल्टा में अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत' के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग पूरी कर ली है. उन्होंने अपने ट्विटर पर कैटरीना कैफ के साथ की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर की है. जहां तस्वीर में सलमान ब्लैक रंग के सूट में नज़र आ रहे हैं वहीं कैटरीना हरे रंग के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही हैं. सलमान की फिल्म के निर्देशक अली अब्बास ज़फर ने फिल्म के दूसरे शेड्यूल के खत्म होने की जानकारी दी है.
अभी तक 'भारत' से सिर्फ सलमान की ही तस्वीरें सामने आई थीं, लेकिन अब कैटरीना कैफ का भी लुक सामने आ गया है. बता दें कि कैटरीना कैफ ने भी आज एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह सलमान खान की बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री के साथ नज़र आ रही हैं.
आपको बता दें कि इस फिल्म का पहला शेड्यूल मुंबई में शूट किया गया और अब दूसरा शेड्यूल माल्टा में फिल्माया गया है. फिल्म में सलमान और कैटरीना के अलावा दिशा पाटनी, तब्बू, सुनील ग्रोवर और आसिफ शेख जैसे कलाकार नज़र आएंगे. गौरतलब है कि सलमान इस बार शूटिंग पर अपने साथ अपनी मां सलमा खान और बहन अलवीरा को भी लेकर गए हैं. हाल में दबंग खान ने अपने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी मां की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी शेयर की थी. सलमान माल्टा में अपनी मां को घुमाते फिराते भी नज़र आए.