मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने बीते जमाने की अभिनेत्री सायरा बानो और अभिनेता जैकी श्रॉफ को राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और राज कपूर स्पेशल कंट्रीब्यूशन एनुअल अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया है. राज्य के संस्कृति मामलों के मंत्री विनोद तावडे ने इस बारे में जानकारी दी.

उन्होंने कहा, "मराठी फिल्मी जगत के जाने माने नाम अभिनेता विक्रम गोखले और अरुण का नाम वी शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और वी. शांताराम स्पेशल कंट्रीब्यूशन एनुअल अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किए गए हैं."

हर साल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड में एक सर्टिफिकेट के साथ 5 लाख रुपए और स्पेशल कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड के लिए सर्टिफिकेट के साथ 300,000 रुपये नगद दिए जाते हैं.

संस्कृति मंत्री तावडे ने कहा, "इन पुरस्कारों को आगामी 54 वें महाराष्ट्र राज्य मराठी फिल्म महोत्सव में दिया जाएगा."

तावडे ने एक ट्वीट में लिखा, "अनुभवी कलाकारों अभिनेत्री सायरा बानो जी और जैकी श्रॉफ को उनके भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए इन पुरस्कारों के लिए चुने जाने पर बधाई."

 

उन्होंने गोखले और नालावडे को भी उनकी उपलब्धियों और फिल्म जगत में योगदान को लेकर पुरस्कारों के लिए चुने जाने पर बधाई दी.