बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान आज अपना 51वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. 16 अगस्त 1970 को जन्में सैफ अली खान ने बॉलीवुड की एक से बढ़कर एक शानदार फ़िल्में की हैं. उनका जन्म पटौदी के नवाबों के घर हुआ था. सैफ अली खान के पिता मंसूर अली खान पटौदी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान थे. वहीं, उनकी मां शर्मिला टैगोर हिन्दी फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस थीं. 

सैफ अली खान का लगभग पूरा परिवार फिल्मों से जुड़ा रहा है. सैफ ने बतौर एक्टर साल 1992 में फिल्म परंपरा' से अपने फ़िल्मी करियर से शुरुआत की थी. उन्होंने एलओसी कारगिल, परिणीता, ओम शांति ओम, फैंटम, कुर्बान सहित कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है. हाल ही में वे वेब सीरीज 'तांडव' में भी नजर आए थे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सैफ अली खान को कई बार किसी ना किसी विवाद का सामना करना पड़ा है. उन्हें कई बार ट्रोलर्स का भी शिकार होना पड़ा है. 

बड़े बेटे का नाम 'तैमूर' रखने पर हुए ट्रोल 

सैफ अली खान ने अपने बड़े बेटे का नाम 'तैमूर' रखा था. इस वजह से सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर उनकी क्लास लगाई थी. आपको बता दें तैमूर पर्सिया और मध्य एशिया के तिमुरिड साम्राज्य का संस्थापक और शासक था. सन् 1398 में उसने भारत पर हमला किया था. वहीं, सैफ अली खान के दूसरे बेटे 'जहांगीर' को लेकर भी इन दिनों विवाद छिड़ा हुआ है. लोगों ने इस नाम पर आपत्ति जताई है.

समय से पहले वैक्सीन लगवाने पर उठे सवाल 

समय से पहले कोरोना वैक्सीन लगवाने की वजह से सैफ अली खान पर कई तरह के सवाल उठाए गए थे. लोगों का कहना था कि जब 18-45 साल के लोगों को वैक्सीन नहीं दी जा रही है तो सैफ ने वैक्सीन कैसे लगवा ली. सोशल मीडिया पर सैफ की वैक्सीन सेंटर से निकलते कई तस्वीरें वायरल हुई थीं. 

वेब सीरीज 'तांडव' को लेकर हुआ विवाद 

सैफ अली खान स्टारर वेब सीरीज 'तांडव' को लेकर भी लंबे समय तक विवाद जारी रहा. दरअसल, पूरा विवाद सीरीज के पहले एपिसोड के ही एक सीन पर था. इसमें अभिनेता मोहम्मद जीशान अयूब भगवान शिव बने नजर आ रहे थे और यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि आखिर आपको किससे आजादी चाहिए. उनके मंच पर आते ही एक मंच संचालक कहता है, 'नारायण-नारायण. प्रभु कुछ कीजिए. रामजी के फॉलोअर्स लगातार सोशल मीडिया पर बढ़ते ही जा रहे हैं. इसके बाद बीजेपी विधायक राम कदम ने सीरीज़ के मेकर्स के खिलाफ हिंदू देवताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए घाटकोपर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी. 

विवादों में आया फिल्म 'तान्हाजी' का नाम

फिल्म 'तान्हाजी' का भी नाम सैफ की वजह से विवाद में आ गया था. दरअसल, इस फिल्म में सैफ विलेन के रोल में थे. अपने एक बयान के चलते वो ट्रोल हो गए थे. उन्होंने तान्हाजी के बारे में बात करते हुए कहा था, "मुझे ये नहीं लगता कि ये इतिहास है. मुझे नहीं लगता कि ब्रिटिश से पहले इंडिया का कोई कॉन्सेप्ट था." इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी. 

फिल्म 'भूत पुलिस' के पोस्टर को लेकर हुए ट्रोल 

सैफ अली खान फिल्म 'भूत पुलिस' के पोस्टर को लेकर भी ट्रोल हुए थे. दरअसल, फिल्म के पोस्टर में दिखाया गया कि सैफ ब्लैक लेदर जैकेट पहने हुए हैं. उनके गले में तंत्र मंत्र वाली माला है. इसके अलावा वो हाथ में त्रिशूल की कोई हथियार पकड़े हुए हैं, जिनमें बहुत सारी मालाएं लटक रही हैं. वहीं, सैफ के पीछे एक संत को भी दिखाया गया है. सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सैफ अली खान और फिल्म के निर्माता का कड़ा विरोध किया. एक यूजर ने लिखा, "बॉलीवुड फिल्म निर्माता हमेशा हिन्दू संतों का मजाक क्यों उड़ाते हैं?"

 

ये भी पढ़ें :-

Shershaah Review: कैसी निकली फ़िल्म ‘शेरशाह’? आपका टाइम करेगी ख़राब या देखने के बाद बोलेंगे लाजवाब

Priyanka Chopra और Anushka Sharma ने Sridevi को उनके जन्मदिन पर किया याद, कहा- वो प्रेरणा हैं