बीते 8-9 महीनों से न्यूयॉर्क में कैंसर का इलाज करवा रहे ऋषि कपूर जल्द भारत लौट सकते हैं. इस बात का खुलासा स्वंय ऋषि कपूर ने किया है. हाल ही में मुंबई मिरर में एक रिपोर्ट छपी है जिसमें कहा गया है कि ऋषि इसी साल अगस्त तक भारत वापस लौट आएंगे. रिपोर्ट्स का कहना है कि ऋषि कपूर अपने 67वें जन्मदिन से पहले लौट आएंगे. ऋषि कपूर ने मुंबई मिरर से बात करते हुए कहा, 'हां, मैं अगस्त के अंत तक लौटने की कोशिश कर रहा हूं. लेकिन मेरा लौटना पूरी तरह से डॉक्टर्स पर डिपेंड करता है. मैं पूरी तरह रिकवर कर चुका हूं और अब बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं. शायद जब मैं वापस आऊंगा तब तक मैं 100 प्रतिशत फिट हो चुका होंगा.' वहीं, ऋषि कपूर को लेकर डॉक्सटर्स का भी कहना है कि वो अब बिल्कुल ठीक हैं. डॉक्टर्स से जुड़े करीबी सूत्र ने बताया कि ऋषि कपूर अब 100 प्रतिशत कैंसर फ्री हैं और डॉक्टर्स की ऑबसरवेशन में हैं. वो इस वक्त एक प्राइवेट अपार्टमेंट में रहते हैं और जिंदगी का आनंद ले रहे हैं. इतना ही नहीं क्रिकेट फैन होने के कारण इन दिनों वो वर्ल्ड कप का मजा ले रहे हैं और अक्सर क्रिकेट को लेकर डिस्कशन करते हैं.
आपको बताएं कि ऋषि कपूर घर वापस आने के लिए बहुत बेताब हैं. इसे लेकर उन्होंने हाल ही में ट्वीट करते हुए लिखा था, "आज मैंने यहां न्यूयॉर्क में आठ महीने पूरे कर लिए हैं. मुझे घर कब जाने को मिलेगा?"
बता दें कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ऋषि कपूर की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री नीतू सिंह हमेशा उनके साथ रहीं. उनके बेटे रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी भी लगातार अपने पापा से मिलते रहे. परिवार और दोस्तों के साथ-साथ फिल्म व उद्योग जगत के तमाम हस्ती भी इस दौरान ऋषि से मिलने न्यूयॉर्क आए और साथ मिलकर खुशी के कुछ पल बिताए, जिसकी तस्वीरें लोगों को सोशल मीडिया पर अकसर देखने को मिली है.