मुंबई: अभिनेता ऋषि कपूर ने आज अपने पिता और जाने-माने अभिनेता-फिल्म निर्माता राज कपूर को उनकी 29 वीं पुण्यतिथि पर याद किया. कपूर का 63 वर्ष की उम्र में दो जून 1988 को नयी दिल्ली में अस्थमा से जुड़ी समस्याओं के कारण निधन हो गया था.
अपने पिता को याद करते हुये 64 वर्षीय अभिनेता ने ट्वीटर पर ‘मेरा नाम जोकर’ फिल्म के गीत की एक पंक्ति ‘जीन यहां मरना यहां’ लिखी है.
ऋषि ने ‘संगम’ फिल्म की एक फोटो के साथ लिखा है, ‘‘पापा, आज 29 साल हो गये, आप हमें छोड़कर चले गये. ‘पर हम तुम्हारे रहेंगे सदा.’’ पृथ्वीराज कपूर के यहां पेशावर (अब पाकिस्तान) में 14 दिसंबर 1924 को जन्मे कपूर ने 1947 में ‘नील कमल’ फिल्म से अभिनय करियर की शुरूआत की थी और ‘भारतीय सिनेमा के महान शोमैन’ बन कर उभरे.
उन्होंने ‘श्री 420’, ‘आवारा’ और ‘बरसात’ जैसी फिल्मों से एक अभिनेता के रूप में पहचान बनाई.
24 साल की उम्र में कपूर उस समय के सबसे युवा फिल्म निर्माता बन गये थे और उन्होंने ‘आग’ :1948: बनायी थी जिसमें उनके साथ नरगिस, कामिनी कौशल और प्रेमनाथ नजर आए थे.
कपूर, चार्ली चैपलिन के स्टाइल में अभिनय करने से मशहूर हुये जिससे ना केवल उन्होंने भारतीय दर्शकों को अपनी तरफ आकषिर्त किया बल्कि रूस में भी प्रशंसकों के बीच लोकप्रियता हासिल की.
ऋषि ने हाल ही में अपनी प्रकाशित पुस्तक ‘खुल्लम खुल्ला’ में पिता के साथ अपने रिश्ते पर बातें की हैं.
