नई दिल्ली: अमेरिका में इलाज करा रहे अभिनेता ऋषि कपूर ने अपने बालों को लेकर उड़ रही अटकलों पर जवाब दिया है. ऋषि कपूर ने कहा है कि उनके बालों का ग्रे या सफेद लगना दरअसल उनकी एक फिल्म की वजह से है. ऋषि ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, "यह उन सब कयासों को दूर करने के लिए है, जिनमें कहा जा रहा है कि मेरे बाल रातोंरात ग्रे या सफेद हो गए. मेरे बाल अवान कॉन्ट्रेक्टर ने डाई किए हैं, जो एक फिल्म के लिए हैं. इस अनाम फिल्म को हनी त्रेहान प्रोड्यूस कर रहे हैं और हितेश भाटिया डायरेक्ट कर रहे हैं. इस सफाई पर भरोसा करें."
ऋषि ने अपने इस किरदार की एक तस्वीर भी साझा करते हुए कहा, "यह फिल्म का फाइनल लुक है. शर्मा जी, ऑल ग्रे. जल्दी ही अपने बालों के वास्तविक रंग में लौटूंगा."
ऋषि 29 सितंबर को इलाज के लिए अमेरिका गए थे. बता दें कि ऋषि कपूर ने न्यूयॉर्क जाने से पहले एक ट्वीट कर अपनी सेहत की जानकारी दी थी. उन्होंने लिखा था, "मैं अपने काम से कुछ समय के लिए ब्रेक लेकर अमेरिका इलाज के लिए जा रहा हूं. मैं अपने तमाम शुभचिंतकों से गुजारिश करूंगा कि वो किसी तरह की अटकलें न लगायें. 45 सालों से ज्यादा वक्त तक फिल्मों में काम करते हुए मेरा शरीर कई तरह के उतार-चढ़ावों से गुजरा है. आपके प्यार और शुभेच्छाओं के सहारे मैं जल्द वापस लौटूंगा."