मुंबई: फिलहाल अमेरिकी टेलीविजन सीरियल 'क्वाटिको' से इंटरनेशनल लेवल पर अपने एक्टिंग की छाप छोड़ रहीं भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को इन दिनों हिन्दी फिल्मों की याद आ रही है और वह जल्द से जल्द हिन्दी फिल्म करना चाहती हैं. प्रियंका ने ट्विटर पर मंगलवार को सवाल-जवाब सेशन में एक फैन द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह बॉलीवुड को याद करती हैं, कहा, "हां, मैं हिंदी फिल्मों को बहुत याद करती हूं. अगली फिल्म में काम करने का इंतजार नहीं कर सकती." एक अन्य प्रशंसक द्वारा यह पूछे जाने पर कि दूसरी बार पीपुल्स च्वाइस अवार्ड में शामिल होने पर कैसा महसूस कर रही हैं, प्रियंका ने कहा कि यह उनके लिए शानदार और गौरवपूर्ण एहसास है. प्रशंसक द्वारा यह पूछे जाने पर कि बॉलीवुड में वह कौन-सी भूमिका निभाना चाहती हैं, प्रियंका ने कहा कि वह पर्दे पर एक एरोनॉटिकल इंजीनियर बनना चाहती हैं. उल्लेखनीय है कि 34 साल की अभिनेत्री वर्तमान में अपनी हॉलीवुड फिल्म 'बेवॉच' की रिलीज के लिए तैयार हैं. यह फिल्म अगले साल 26 मई को रिलीज होगी.
