प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 69 साल के हो गए. उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर दुनियाभर से लोगों ने उन्हें बधाइयां दी, सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं भेजी. हालांकि इनमें से जो बधाई मोदी के दिल को छू गई वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर की मां की ओर से थी.
अनुपम ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह अपनी मां के साथ प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर विश करते नजर आ रहे हैं.
अनुपम खेर ने लिखा, "मां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को विश करना चाहती थीं. इसलिए मैंने इस संदेश को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. जब उन्होंने कहा 'आने तो दे', तब मुझे लगा कि वह नरेंद्र मोदी संग वीडियो चैट करने की उम्मीद कर रही हैं. वह बहुत ही मासूम हैं. जन्मदिन मुबारक हो सर. हैशटैगदुलारीरॉक्स."
इस वीडियो में, अनुपम की मां कश्मीर से अनुच्छेद 370 निरस्त करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते भी नजर आ रही हैं. अनुपम खेर और उनकी मां के इन अच्छे शब्दों के लिए प्रधानमंत्री ने उन्हें धन्यवाद देते हुए ट्वीट किया, "प्रिय अनुपम खेर, मैं आपकी शुभकामनाओं से अभिभूत हूं. खासतौर पर, मैं आपकी मां को उनकी बधाई और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. ये मुझे ताकत प्रदान करती हैं."
