नई दिल्लीः फिल्मी गलियारों में रणवीर-दीपिका की शादी की खबरें जोरों पर हैं और अक्सर किसी न किसी इवेंट में ये दोनों इससे जुड़े सवालों से घिरे नजर आते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक बार फिर हुआ , हालांकि इस बार रणवीर किसी इवेंट में नहीं बल्कि अपने दोस्त के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव चैट करते हुए हुआ.
दरअसल, रणवीर सिंह और AIB कॉमेडियन तन्मय भट्ट इंस्टाग्राम पर लाइव चैट कर रहे थे. चैट के दौरान ही तन्मय ने रणवीर से कुछ ऐसा पूछ लिया कि रणवीर शरमा गए. तन्मय ने पूछा, ''शादी कब है?'' इस पर रणवीर ने शरमाते हुए जवाब दिया, "ऐ ! चल ना !" आपको बता दें कि रणवीर इस साल 20 नवंबर को बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण से शादी रचाएंगे. दोनों की शादी की अटकलों को लेकर बॉलीवुड में काफी समय से फुसफुसाहट हो रही थी.
रणवीर और तन्मय के लाइव चैट का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों एक-दूसरे के साथ काफी मजाकिया अंदाज में बात कर रहे हैं. इन दोनों की बातों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इनकी दोस्ती कितनी गहरी हुआ है. रणवीर साल 2015 में तन्मय भट्ट के एक बेहद पॉपुलर शो 'AIB Knockout Roast' में भी नजर आ चुके हैं. रणवीर के साथ इस शो में एक्टर अर्जुन कपूर भी थे. हालांकि इस शो को लेकर काफी विवाद भी हुआ था क्योंकि इन दोनों एक्टर्स ने शो के दौरान काफी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था.
बताया जा रहा है कि रणवीर और दीपिका की शादी 'Lake Como' नाम के एक इटालियन रेसॉर्ट में होगी. इनकी शादी में परिवार और करीबी रिश्तेदार ही होंगे. दोनों अपनी शादी को बहुत हाई प्रोफाइल नहीं बनाना चाहते हैं. इसके लिए इन्होंने शादी में आए सभी मेहमानों को अपना मोबाइल न लेकर आने को कहा है, ताकि कोई शादी की फोटो सोशल मीडिया पर ना डाल सके. रणवीर और दीपिका अपनी शादी के बारे में खुद ही फैंस को बताना चाहते हैं.
