फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर कलाकारों को रंगभेद का सामना करना पड़ता है. कई बार अभिनेत्रियों को उनके रंग रूप और वजन को लेकर भी उपेक्षा का सामना करना पड़ता है. अब इसी भेदभाव को लेकर एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा का रिएक्शन सामने आया है. अपने बयान में उन्होंने खुलासा किया है उनके शुरुआती करियर के समय उन्हें इस प्रकार के भेदभाव का सामना करना पड़ा था.
मलाइका अरोड़ा का कहना है कि सांवले रंग के कारण उन्हें फिल्म जगत में शुरुआत में भेदभाव का शिकार होना पड़ा था. मलाइका ने कहा, "मैं जब यहां आई तो यहां काला, गोरा फैला हुआ था और मुझे हमेशा काले रंग वाली श्रेणी में रखा गया."उन्होंने कहा, "व्यक्तिगत तौर पर मुझे बिल्कुल परवाह नहीं. मुझे सिर्फ उन लोगों के लिए बुरा लगता है जो सिर्फ एक तय तरीके से सोचते हैं."
'छैया छैया', 'गुड़ नाल इश्क मीठा', 'माही वे', 'काल धमाल' और 'मुन्नी बदनाम हुई' जैसे आइटम नंबर्स के लिए प्रसिद्ध मलाइका ने नेहा धूपिया के शो 'नोफिल्टर्सनेहा सीजन 4' पर अपने ये विचार रखे. एक बच्चे की मां मलाइका अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ रिश्ते की बात पर चर्चा में रहती हैं.
उनका कहना है कि वे ट्रोल्स की परवाह नहीं करतीं. हाल ही में मलाइका ने एक बयान में ये भी बताया है कि वो किस तरह की शादी करना चाहती हैं. मलाइका के इस बयान से इस बात के कयास लगने शुरू हो गए हैं कि शायद मलाइका अरोड़ा जल्द ही बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर संग शादी की प्लानिंग कर रही हैं.