क्राइम सीरीज ‘अभय’ के साथ नए अवतार में नजर आएंगे कुणाल खेमू
एबीपी न्यूज, एजेंसी | 06 Feb 2019 08:40 PM (IST)
कुणाल खेमू कई कॉमेडी फिल्में करने के बाद अपराध पर आधारित एक कार्यक्रम में नये अवतार में नजर आने वाले हैं. उनका मानना है कि एक कलाकार के तौर पर प्रयोग करते रहना जरूरी है.
अभिनेता कुणाल खेमू कई कॉमेडी फिल्में करने के बाद अपराध पर आधारित एक कार्यक्रम में नये अवतार में नजर आने वाले हैं. उनका मानना है कि एक कलाकार के तौर पर प्रयोग करते रहना जरूरी है. पहले बाल कलाकार रहे खेमू ने मुख्य भूमिका में अपने करियर की शुरुआत “कलयुग” और “ट्रैफिक सिग्नल” जैसी फिल्मों के साथ की. हालांकि, अगली कुछ फिल्मों की असफलता से उनका करियर कुछ हद तक डावांडोल हो गया था. उन्हें “गो गोवा गॉन” और “गोलमाल” सीरिज की फिल्मों के साथ एक बार फिर सफलता मिली. खेमू ने बताया, “एक कलाकार के तौर पर ‘गोलमाल’ और ‘गो गोवा गॉन’ जैसी बड़े बैनर की फिल्में मिलना बड़ी बात है लेकिन किसी ऐसी चीज के साथ प्रयोग करना अच्छा है जो मुझे अलग तरह से पेश करता है और आगामी सीरिज ‘अभय’ उन्हीं में से एक है.” कुणाल जी5 की क्राइम थ्रिलर सीरीज “अभय” में जांच अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगे. उन्होंने कहा, “मैं कुछ अलग या गंभीर भूमिका जैसा कुछ करने का प्रयास नहीं कर रहा था. मुझे कार्यक्रम का विषय पसंद आया. मुझे पता है कि यह मेरे लिए बड़ा ब्रेक साबित होगा क्योंकि पिछले कुछ सालों से मैं कॉमेडी पर ही ध्यान दे रहा था.”