रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में स्कूल के एनुअल फंक्शन के दौरान एक बच्ची ने फिल्म ‘पद्मावत’ के ‘घूमर’ गाने पर डांस किया, जिसके बाद करणी सेना के सदस्यों ने स्कूल में हंगामा किया और तोड़फोड़ की. इस मामले में पुलिस ने चार उत्पातियों को गिरफ्तार कर लिया है.

ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में ‘पद्मावत’ की रिलीज पर बोले सीएम योगी, ‘मैं भविष्यवक्ता नहीं’ जावरा थाने के इंचार्ज एम. पी. परिहार ने बताया, "सेंट पॉल स्कूल में एनुअल फंक्शन का आयोजन किया गया. आयोजन में हिस्सा ले रहे बच्चे अपनी इच्छा के अनुसार गीत गाने और उस पर डांस करने की तैयारी से आए थे. स्कूल को इस बात की जानकारी नहीं थी कि कौन किस गीत पर डांस करेगा."
परिहार के मुताबिक, "एक बच्ची द्वारा दी गई सीडी से 'पद्मावत' फिल्म का गाना बजाया गया और उसने उसपर डांस शुरू किया. इसी दौरान स्कूल मैनेजमेंट ने गाना बंद करा दिया. कार्यक्रम के तीन-चार घंटे बाद दोपहर लगभग डेढ़ बजे 20-25 लोगों का एक समूह स्कूल पहुंचा और उसने तोड़फोड़ शुरू कर दी." ये भी पढ़ें: नाम बदलने के बाद ‘पद्मावत’ के निर्माताओं ने अब अखबारों में दी है ये सफाई

परिहार ने बताया, "जो युवा यहां तोड़फोड़ करने पहुंचे थे, वे करणी सेना जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे. तोड़फोड़ करने वालों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य की तलाश जारी है."