नई दिल्ली: पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकियों को करारा जवाब दिया है. वायुसेना के 12 जंगी जहाज़ों ने पाकिस्तान के बालाकोट में मौजूद जैश के ट्रेनिंग कैम्प को तबाह कर दिया. कार्रवाई के दौरान वायुसेना के एयक्राफ्ट्स ने 1000 किलो बमबारी की. इस कार्रवाई को पाकिस्तानी सीमा के करीब 80 किलोमटर तक अंदर घुसकर अंजाम दिया गया. खुशी की बात ये है कि आतंकियों को नेस्तनाबूद करने के बाद वायुसेना के सभी जहाज़ खैरियत से भारतीय सीमा में वापस लौट आए.
इस एयरस्ट्राइक के बाद देशभर में भारतीय वायुसेना की खूब वाह-वाही हो रही है. राजनेताओं, फिल्मी सितारों, खिलाड़ियों से लेकर आम लोगों तक, सभी उनकी वीरता और साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
अभिनेता से राजनेता बने ‘मक्कल निधि मैयम’ पार्टी के चीफ कमल हासन ने भी वायुसेना की इस वीरता की तारीफ की है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “पाकिस्तान में आतंकवादी कैम्पों पर कहर बरपाने के बाद हमारे 12 (12 एयरक्राफ्ट्स) सुरक्षित घर लौट आए. भारत को अपने हीरोज़ पर गर्व है. मैं उनकी वीरता को सलाम करता हूं.”
कब और कैसे हुआ हमला ? भारतीय वायुसेना ने 12 मिराज विमानों के जरिए पीओके में करीब 21 मिनट तक बमबारी की. तड़के 3 से चार बजे के बीच ये हमला किया गया. जानकारी के मुताबिक भारतीय वायुसेना ने 1000 किलो बम बरसाए. इस कार्रवाई में 25 टॉप कमांडरों के अलावा 325 आतंकियों के भी मारे जाने की खबर. साथी ही जैश का ऑपरेशनल ऑफिस अल्फा-3 को तबाह कर दिया.
पुलवामा का बदला पूरा हुआ 14 फरवरी को जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ पर आत्मघाती बम हमला हुआ था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे. इस हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) ने ली थी और आज एयर स्ट्राइक करके उसके अल्फा 3 ठिकाने को भारतीय वायुसेना ने तबाह कर दिया. विदेश मंत्रालय ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि जैश देश पर फिर हमला कराने के फिराक में था इसलिए ये कार्रवाई जरुरी हो गई थी.
कारगिल में भी नहीं क्रॉस किया था LoC आपको बता दें कि इससे पहले वायुसेना ने 1971 के युद्ध में LoC को क्रॉस किया था. हालांकि, 1999 के कारगिल वॉर में भी इंडियन एयर फोर्स ने LoC क्रॉस नहीं किया था. जब भी नियंत्रण रेखा पार करने की बात आती है तो ऐसा माना जाता है कि स्थिति युद्ध की तरफ बढ़ सकती है. भारतीय वायुसेना का इतना अंदर जाकर कार्रवाई करना बेहद सफल ऑपरेशन माना जा रहा है.
VIDEO: पुलवामा बदला: एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान पर भारत की अन्तर्राष्ट्रीय दबाव बनाने की कोशिश जारी
