मुंबई: दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी की 14वीं पुण्यतिथि से पहले दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने उन्हें याद करते हुए कहा कि वह एक महान इंसान और महान अभिनेता थे. जी बॉलीवुड के 'क्लासिक लीजेंड्स सीजन 5' की आगामी कड़ी में जावेद, अमरीश पुरी की उपलब्धियों और हिंदी सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को बताएंगे.

उन्होंने कहा, "अमरीश पुरी को एक महान अभिनेता के रूप में याद किया जाएगा. लेकिन मेरे जैसे लोग, जो उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे, उन्हें एक महान अभिनेता के साथ-साथ एक महान इंसान के रूप में याद करेंगे."

जावेद ने अमरीश को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "अमरीश पुरी महान इंसान व अभिनेता दोनों का मिश्रण थे. प्रख्यात फिल्मकार स्टीवन स्पीलबर्ग ने एक बार कहा था कि उन्होंने अपने जीवन में कई फिल्में देखी हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी इतना अच्छा खलनायक नहीं देखा."

आपको बता दें कि 22 जून 1932 को पंजाब के नवनशहर में पैदा हुए अमरीश पुरी ने बॉलीवुड में अपना एक खास मुकाम बनाया है. सैंकड़ों फिल्मों में अभिनय करने वाले अमरीश पुरी 12 जनवरी 2005 को इस दुनिया को अलविदा कह गए थे. अमरीश पुरी को मिस्टर इंडिया में निभाए उनके मोगैंबो के रोल के लिए याद किया जाता है. इसके अवाला फिल्म नायक, परदेस, दिलवाले दुलहनिया ले जाएंगे और घातक जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया.