नई दिल्ली: ऋतिक रोशन की हालिया रिलीज़ फिल्म ‘सुपर 30’ रिलीज़ के चौछे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में दमदार कमाई कर रही है. फिल्म ने चौथे हफ्ते के बुधवार को 85 लाख रुपए की कमाई की है, जिसे अच्छा माना जा रहा है. ‘सुपर 30’ की कुल कमाई 140 करोड़ रुपए के आंकड़े को भी पार कर गई है.

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक ‘सुपर 30’ ने चौथे हफ्ते के पहले दिन यानी शुक्रवार को 96 लाख, दूसरे दिन शनिवार को 2.10 करोड़, तीसरे दिन रविवार को 3.22 करोड़, तौथे दिन सोमवार को 85 लाख, पांचवें दिन मंगलवार को 81 लाख और छठे दिन बुधवार को 85 लाख रुपए की शानदार कमाई की है. फिल्म की कुल कमाई 140.44 करोड़ रुपए हो गई है.

आपको बता दें कि ‘सुपर 30’ ने पहले हफ्ते में 75.85 करोड़, दूसरे हफ्ते में 37.86 करोड़, तीसरे हफ्ते में 17.94 करोड़ और चौथे वीकेंड पर 6.28 करोड़ रुपए का कारोबार किया. फिल्म की कमाई इसी तरह जारी रही तो ये 'गली बॉय' को पछाड़ कर साल की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी.

आपको बता दें कि ‘सुपर 30’ का निर्देशन विकास बहल ने किया है. इस फिल्म में ऋतिक रोशन ने बिहार के मशहूर ‘सुपर 30’ कोचिंग के संस्थापक आनंद कुमार का किरदार अदा किया है. आनंद कुमार का कोचिंग सेंटर हर साल करीब 30 गरीब बच्चों को इंजीनियरिंग इंट्रैंस एग्ज़ाम के लिए मुफ्त कोचिंग मुहैया कराता है.

इसी विषय पर फिल्म को भी बनाया गया है. इसमें आनंद कुमार के संघर्ष की कहानी को भी दिखाया है. फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ अभिनेत्री मृणाल ठाकुर भी नज़र आई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में फिल्म 3200 से 3300 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई है.