नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी अपनी फिटनेस और खतरनाक किस्म के स्टंट्स करने को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. कई बार तो वो जिमनास्टिक के दौरान चोटिल भी हुई हैं. अब उन्होंने अपनी ज़िंदगी में घटी एक अहम घटना का ज़िक्र करते हुए बताया है कि एक दफा ट्रेनिंग के दौरान उनके सिर में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वो अपनी ज़िंदगी के छह महीनों की यादें भूल बैठीं थीं.

मिड-डे से बात करते हुए दिशा ने बताया कि वो ठोस फर्श पर ट्रेनिंग कर रहीं थीं तभी वो गिर गईं और उन्हें सिर में चोट लग गई. उन्होंने कहा, "मैं अपनी ज़िंदगी के छह महीने खो बैठी, क्योंकि मुझे कुछ भी याद नहीं रहा." दिशा पाटनी के साथ ये बड़ा हादसा भले ही हुआ हो, लेकिन बावजूद इसके उन्होंने अभी भी जिमनास्टिक और मिक्स मार्शल आर्ट्स से अपना नाता नहीं तोड़ा है.

इंस्टाग्राम पर दिशा पाटनी आए दिन अपनी जिमनास्टिक और मिक्स मार्शल आर्ट्स की वीडियो शेयर करती रहती हैं. दिशा कहा कहना है, "जब मैं शूटिंग नहीं करती हूं, तो मैं हफ्ते में या तो जिमनास्टिक की प्रैक्टिस करती हूं या मिक्स मार्शल आर्ट्स की. मिक्स मार्शल आर्ट्स जिमनास्टिक से थोड़ा आसान है. लेकिन जिमनास्टिक्स के लिए दो चीज़ों की ज़रूरत पड़ती है. एक तो आपको इसे रोज़ाना करना पड़ता है और दूसरा इसके लिए आपका हिम्मत वाला होना भी ज़रूरी है."

दिशा ने ये भी बताया कि जिमनास्टिक और मिक्स मार्शल आर्ट्स की बदौलत ही वो यहां तक पहुंची हैं. उन्होंने कहा,"आपको ये रोज़ाना करना पड़ता है. जब आप अपनी हड्डियों और घुटनों को तोड़ते हैं तभी आप कहीं पहुंच सकते हैं."