निर्देशक राघव लारेंस ने कहा है कि अगर उन्हें उचित सम्मान दिया जाता है तो वह अक्षय कुमार की फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' के निर्देशन को लेकर दोबारा विचार करने को तैयार हैं. लारेंस ने "सम्मान नहीं" मिलने के कारण पिछले सप्ताह फिल्म के निर्देशन से खुद को अलग कर लिया था. लारेंस ने 2011 में आई तमिल फिल्म "कंचना" की रीमेक "लक्ष्मी बॉम्ब" के निर्देशन से खुद को अलग करने का ऐलान ट्वीटर पर किया था. लारेंस ने कहा कि फिल्म नहीं करने के "कई कारण" हैं. उनमें से एक है कि फिल्म का पहला पोस्टर बिना उनसे चर्चा किये जारी किया गया. शनिवार को जारी ताजा बयान में उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता उनसे मुलाकात करने को तैयार हैं और सबकुछ उन्हीं के हाथों में है. लारेंस ने कहा "निर्माता मुझसे मिलने चेन्नई आ रहे हैं. सबकुछ उनके हाथों में है. अगर मेरे काम के लिये मुझे उचित सम्मान मिलता है, तो मैं इसके बारे में सोचूंगा. बैठक के बाद देखते हैं. उन सभी प्रशंसकों को यह संदेश पहुंचाना चाहता था जो वास्तव में चिंतित हैं." क्यों छोड़ी थी फिल्म? निर्देशक ने इस फिल्म से हटने की घोषणा ट्विटर पर की. शनिवार को लॉरेंस ने एक बयान जारी किया और बताया कि इस फिल्म को छोड़ने के पीछे कई कारण हैं. एक कारण यह भी है कि उनसे बिना सलाह लिए या बिना चर्चा किए फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया. उन्होंने अपने बयान में लिखा, ‘ इस दुनिया में धन और प्रसिद्धी से ज्यादा कुछ मायने रखता है तो वह है आत्म सम्मान. इसलिए मैंने फिल्म ‘लक्ष्मी बॉम्ब'’ से हटने का निर्णय लिया.’ लॉरेन्स ने कहा कि वह फिल्म निर्माताओं को अपनी पटकथा का इस्तेमाल करने देंगे क्योंकि वह निजी रूप से अक्षय कुमार का सम्मान करते हैं.