रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' को लेकर हर तरफ बज है. फिल्म का 18 मार्च को पेड प्रिव्यू है और 19 मार्च को फिल्म थिएटर में दस्तक दे रही है. पहले धुरंधर 2 का यश की टॉक्सिक से क्लैश था. ये महाक्लैश होने वाला था. क्योंकि यश भी साउथ के सुपरस्टार हैं और उनकी फिल्मों के लिए फैंस में दीवानगी देखने को मिलती हैं. वहीं धुरंधर 2 तो अपने आप में ही ग्रैंड फिल्म है. हालांकि, अब यश की टॉक्सिक पोस्टपोन हो गई है. यश की टॉक्सिक के पोस्टपोन होने का फायदा धुरंधर 2 को बशर्ते मिलना ही था.
लेकिन अब साउथ की एक और फिल्म धुरंधर 2 से टकराने के लिए तैयार है. साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण फिल्म उस्ताद भगत सिंह लेकर आ रहे हैं. उस्ताद भगत सिंह भी 19 मार्च को रिलीज होगी.
उस्ताद भगत सिंह से टकराएगी धुरंधर 2
कोईमोई की रिपोर्ट के मुताबिक, उस्ताद भगत सिंह टॉलीवुड की 2026 की सेकंड बिगेस्ट ओपनिंग पर नजर गड़ाए है. इस साल रिलीज हुई चिरंजीवी की फिल्म मन शंकर वारा प्रसाद गारू ने 41.6 करोड़ से ओपनिंग की थी. वहीं उस्ताद भगत सिंह के 40 करोड़ रुपये से ओपनिंग करने की खबरें हैं. बता दें कि फिल्म के कलेक्शन के आंकड़ों को लेकर ऑफिशियली अभी तक कुछ भी नहीं आया है.
पर अगर फिल्म 40 करोड़ से ओपनिंग करती है तो इसका सीधा-सीधा असर धुरंधर 2 पर भी देखने को मिलेगा. हिंदी भाषा में अगर ये असर कम भी दिखा तो भी तेलुगू भाषा में तो असर साफ तौर पर दिखेगा. और अगर उस्ताद भगत सिंह को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला तो धुरंधर 2 की कमाई प्रभावित हो सकती है. ऐसे में धुरंधर 2 को भी अच्छे रिव्यू और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की काफी जरुरत है.
बता दें कि धुरंधर का पहला पार्ट सिर्फ हिंदी में रिलीज हुआ था. लेकिन धुरंधर 2 हिंदी के अलावा बाकी साउथ लैंग्वेजेस में भी रिलीज होने वाली है. धुरंधर 2 ने पेड प्रिव्यूज में अभी तक 19.01 करोड़ की कमाई कर ली है.
