मुंबई: करीब 6 साल एक दूसरे को डेट करने के बाद आज दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने इटली में बड़े धूम धाम से शादी की. उनकी शादी के बाद उन्हें बॉलीवुड से बधाइयां मिलनी भी शुरू हो गई हैं. पहले करण जौहर और अभिनेत्री निमरत कौर ने नए कपल को इस नए रिश्ते के लिए मुबारकबाद दी. अब कॉमेडी के किंग और फिल्म अभिनेता कपिल शर्मा ने भी दीपिका-रणवीर को बधाई दी है.
कपिल शर्मा ने मुबारकबाद देते हुए ट्वीट किया, “डियर दीपिका और रणवीर आपको शादी दिल से मुबारक हो. इस दुनिया की सबसे खूबसूरत जोड़ी. गॉड तुम्हें सारी खुशियां दे. दोनों को प्यार.”
इससे पहले करण जौहर ने भी दीपिका और रणवीर को शादी की बधाई दी थी. उन्होंने लिखा, “बेहद खूबसूरत जोड़ा... नज़र उतार लो. दीपिका और रणवीर... बधाई हो... दोनों को प्यार... तमाम उम्र एक दूसरे को प्यार करते रहो और खुश रहो.”
दीपिका रणवीर की शादी पर अभिनेत्री निमरत कौर ने लिखा, “रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण आपको ढेर सारी मुबारकबाद.. दुआ है शादी के बाद आपका साथ में हर कदम खुशियों से भरा हो.”
आज इटली के वक्त के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे दीपिका और रणवीर ने कोंकणी रीति रिवाज़ से शादी की. दोनों की शादी के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें सामने आई हैं. इससे पहले शादी में शामिल होने आए मेहमानों की तस्वीरें सामने आई थीं. तस्वीरों में दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण भी दिखाई दिए थे. दीपिका और रणवीर ने अपनी शादी को प्राइवटे रखने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फिर भी उनकी शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सामने आ ही गई हैं.
आपको बता दें कि दीपिका और रणवीर दो बार शादी करेंगे. दरअसल आज यानि 14 नवंबर को कोंकणी रीति रिवाज़ के साथ शादी हुई है. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दीपिका पादुकोण साउथ इंडियन परिवार से आती हैं. उनके यहां शादियां कोंकणी रीति रिवाज़ से होती है.
इसके बाद अब कल 15 नवंबर को दोनों एक बार फिर शादी करेंगे. इस बार सिंधी रीति रिवाज़ों से दोनों सितारे एक दूसरे से शादी करेंगे. सिंधी रीति रिवाज़ से शादी इसलिए होगी क्योंकि रणवीर सिंह सिंधी हैं. उनके परिवार में सिंधी रीति रिवाज़ से शादी होती है.
