लॉस एंजेलिस: वॉर्नर ब्रदर्स पिक्चर्स की फिल्म 'एक्वामैन' ने चीन के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के साथ एक महीने में दुनियाभर में एक अरब डॉलर की कमाई के आंकड़े को पार कर लिया है. यानि भारतीय रुपये कि हिसाब से फिल्म ने करीब 7100 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है.
जेम्स वान निर्देशित सुपरहीरो फिल्म अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दुनिया में लगातार चार हफ्ते टॉप पर रही और उत्तर अमेरिका में तीन हफ्ते तक टॉप पर रही. एक बयान में कहा गया कि वॉर्नर ब्रदर्स पिक्चर्स ग्रुप और वॉर्नर ब्रदर्स होम एंटरटेनमेंट के वैश्विक वितरण के अध्यक्ष रॉन सैंडर्स ने यह घोषणा की.
सैंडर्स ने कहा, "हम इस बात से रोमांचित हैं कि दुनियाभर के दर्शकों ने 'एक्वामैन' को बड़े पैमाने पर पसंद किया है. जेसन, फिल्मकारों और डीसी (कॉमिक्स) ने ऐसी फिल्म दी है, जिसे लोगों ने भरपूर प्यार दिया है और हम उनके समर्थन की सराहना करते हैं."
फिल्म में जेसन मोमोआ मुख्य भूमिका में हैं. उनके साथ ही एंबर हर्ड, विलेम डाफो, पैट्रिक विल्सन और ऑस्कर विजेता अभिनेत्री निकोल किडमैन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
यहां देखें फिल्म का ट्रेलर...