मुंबई: शबाना आजमी, करण जौहर और फराह खान सहित हिंदी फिल्म जगत की कई हस्तियों ने 89वें ऑस्कर समारोह में’ बेस्ट फिल्म के पुरस्कार की घोषणा के दौरान हुई अजीब गड़बड़ी पर हैरानी जताई.
गौरतलब है कि नाटकीय घटनाक्रम में बैरी जेन्किंस की फिल्म ‘मूनलाइट’ को ऑस्कर समारोह में बेस्ट फिल्म का पुरस्कार दिया गया. पहले पुरस्कार के लिए गलती से दूसरा लिफाफा मिलने के कारण मंच से ‘ला ला लैंड’ के नाम की घोषणा की गई लेकिन गलती का एहसास होने के बाद आखिरकार पुरस्कार ‘मूनलाइट’ को दिया गया.
पुरस्कार देने के लिए वारेन बीटी और फे डनअवे को मंच पर बुलाया गया, जिन्होंने गलती से ‘ला ला लैंड’ के नाम की घोषणा कर दी. बाद में पता चला कि उनके पास गलत लिफाफा था.
‘ला ला लैंड’ के निर्माता पुरस्कार जीतने के बाद धन्यवाद का संबोधन शुरू कर चुके थे जब गलती का पता चला तो निर्माता जॉर्डन होरोवित्ज (‘ला ला लैंड’ के) ने पूरी शालीनता के साथ ‘मूनलाइट’ की टीम को ऑस्कर ट्रॉफी लेने के लिए बुलाया.
उन्होंने कहा, ‘‘गलती हुई है. ‘मूनलाइट’ आपको पुरस्कार मिला है. मैं मजाक नहीं कर रहा.”
शबाना आज़मी ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘क्या? ऑस्कर में जो हुआ उसपर मुझे विश्वास नहीं हो रहा.’’
