नई दिल्ली: नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्टर प्रकाश राज ने बॉलीवुड पर आरोप लगाते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला है. प्रकाश राज का कहना है कि जब से उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और सरकार के खिलाफ बोलना शुरू किया है तब से बॉलीवुड ने उनसे कन्नी काट ली है. द प्रिंट से बात करते हुए प्रकाश राज ने कहा ''साउथ फिल्म इंडस्ट्री से मुझे कोई समस्या नहीं है लेकिन जब से मैंने सवाल उठाने शुरू किए हैं तब से मुझे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से ऑफर मिलने बंद हो गए हैं.''
आपको बता दें कि प्रकाश राज उस वक्त सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने पिछले साल पत्रकार गौरी लंकेश की मौत पर पीएम मोदी की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए थे. प्रकाश राज ने कहा, ''मैं गौरी की मौत से बेहद डिस्टर्ब हुआ, खासतौर पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के रवैये से. गौरी सिर्फ सवाल पूछ रही थी. मुझे बेहद बुरा महसूस होता है ये देखकर, क्या उनकी लड़ाई में हमने उन्हें अकेला छोड़ दिया? जितना मुझे चुप करवाने की कोशिश की जाएगी मैं उतने ज्यादा सवाल उठाउंगा.''
बीजेपी अध्यक्ष पर भी बोला तीखा हमला
प्रकाश राज ने इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला. उन्हनें कहा कि ''हम अमित शाह से क्यों डरें? बतौर नेता उन्होंने ऐसा क्या किया है? क्या अमित शाह ने देश की तरक्की के लिए कोई बेहद नया विकल्प निकाला है या फिर वैज्ञानिक स्तर पर उन्होंने कुछ नया किया है? शाह की ताकत उनकी चाणक्य नीति है जिसे सरकार गिराना और बनाना आता है. क्या हमें यही चाहिए ?''
पीएम मोदी के वादों पर भी उठाए सवाल
इतना ही नहीं द प्रिंट से बात करते हुए प्रकाश राज ने पीएम मोदी को उनके कुछ वादों की भी याद दिलाई. उन्होंने कहा कि ''प्रधानमंत्री की बातों से लोगों को उम्मीदें थी कि देश में 2 करोड़ रोजगार पैदा किए जाएंगे, कालाधन वापस लाया जाएगा लेकिन बीते साढ़े तीन साल में ऐसा कुछ नहीं हुआ. बल्कि बीजेपी के नेता बीते समय की बात करते हैं. वो बात करके हैं कि नेहरू ने क्या किया या टीपू सुल्तान ने क्या किया या फिर सनातन धर्म क्या कहता है? मैं अपने पिछले पड़दादा को नहीं पहचान सकता तो मुझे क्या मतलब है कि टीपू सुल्तान ने क्या किया था.
आपको बता दें कि सितंबर 2017 में गौरी लंकेश की बेंग्लुरु स्थित उनके घर के बाहर ही कुछ अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी. इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ा और मार्च में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया.
