Bharat Box Office Collection Day 10: सिनेमाघरों में इन दिनों सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म 'भारत' दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. यही वजह है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है. इस फिल्म की दसवें दिन की कमाई के आंकड़े आ गए हैं.
ट्रेड की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने शुक्रवार को लगभग 8-10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. अभी कमाई के सटीक आंकड़े आने बाकी हैं. 9 दिनों में इस फिल्म ने कुल 179 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. 10वें दिन की कमाई के बाद ये फिल्म 200 करोड़ से बस कुछ कदम ही पीछे रह गई है.
वैसे तो फिल्म ने गुरुवार को 5.25 करोड़ की थी जो 9 दिनों में सबसे कम है लेकिन मार्केट विशेषज्ञों का ये मानना है कि इस वीकेंड किसी बड़ी फिल्म की रिलीज ना होने का फायदा भारत को मिलने वाला है. इस हफ्ते गेम ओवर और खामोशी सिनेमाघरों में रिलीज हुई है लेकिन इन दोनों फिल्मों को ज्यादा स्क्रीन नहीं मिल पाया है. इस वजह से सिनेमाघरों में भारत के लिए ये वीक भी फायदेमंद साबित हो सकता है
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर डे-वाइज कमाई के आंकड़े
पहले दिन- 42.30 करोड़ रुपए दूसरे दिन- 31 करोड़ रुपए तीसरे दिन- 22.20 करोड़ रुपए चौथे दिन- 26.70 करोड़ रुपए पांचवें दिन- 27.90 करोड़ रुपए छठे दिन- 9.20 करोड़ रुपए सातवें दिन- 8.30 करोड़ रुपए आठवें दिन- 6.25 करोड़ नौवें दिन- 5.25 करोड़
कुल कमाई- 179.10* करोड़ रुपए
फिल्म की कमाई से सलमान खान सहित पूरी स्टार कास्ट बहुत खुश है. सलमान ने इस कमाई पर पहला रिएक्शन दिया है. सलमान ने हाल ही में कहा, "मेरे लिए मेरी सभी फिल्मों की सफलता बहुत महत्वपूर्ण है. भारत एक ऐसी फिल्म है जिसके लिए हमने काफी मेहनत की है..यह मेरी हर फिल्म के साथ होता है. मैं फिल्म में विश्वास करता हूं..मैं अभी बहुत खुश हूं कि फैंस फिल्म को पसंद कर रहे हैं और मैं इसकी प्रशंसा करता हूं. वास्तव में दर्शकों ने फिल्म में सबके प्रदर्शन को सराहा है..यह जबरदस्त है."
एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए भी सलमान खान ने कहा, ''ये आंकड़ा ये कहता है कि दर्शकों को फिल्म बहुत पंसद आई है और हम उनके शुक्रगुजार हैं कि सबने फिल्म देखी. ये आंकड़े एक बार फिल्म देखने से नहीं आते हैं, ये फिल्म बार बार देखने से आते हैं. शुक्रिया आपका.''
आपको बता दें कि फिल्म 'भारत' को फिल्म समीक्षकों की मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है. हालांकि दर्शक फिल्म को भरपूर प्यार दे रहे हैं. जिसकी बदौलत सलमान खान बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए नए रिकॉर्ड बना रहे हैं.
'भारत' में सलमान खान के अलावा कैटरीना कैफ, सुनील ग्रोवर, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, तब्बू और आसिफ शेख जैसे सितारे नज़र आ रहे हैं. फिल्म वर्ल्डवाइड लगभग 6 हज़ार स्क्रीन्स पर रिलीज़ की गई है. जिसमें विदेशों में इसे 1300 स्क्रीन्स मिले हैं.