नई दिल्ली: बॉलीवुड की पहली सुपरस्टार अभिनेत्री का दर्जा हासिल करने वाली श्रीदेवी को आज दुनिया से रुखसत हुए दो साल हो गए. आज ही के दिन साल 2018 में श्रीदेवी ने दुबई में आखिरी सांस ली थी. इस अहम दिन पर श्रीदेवी के देवर और उनके साथ कई सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता अनिल कपूर ने उन्हें बेहद भीगे मन से याद किया है.
अनिल कपूर ने श्रीदेवी के निधन की दूसरी बरसी पर इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर किया है. अपनो पोस्ट में उन्होंने लिखा, "श्री, दो साल गुज़र गए, पर हम तुम्हें हर रोज़ याद करते हैं. पुरानी यादों को ताज़ा करना खट्टा मीठा एहसास है. हम सोचते हैं काश तुम जिनसे प्यार करती थी, उनके साथ और वक्त गुज़ारती. पर हम उन सारे लम्हों के लिए शुक्रगुज़ार हैं, जो हमने तुम्हारे साथ गुज़ारे. तुम हमारे दिलो और दुआओं में हमेशा रहोगी."
श्रीदेवी की पुण्यतिथि पर आज उनकी बेटी और अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने भी उनको याद किया. जान्हवी ने अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वो अपनी मां श्रीदेवी के साथ नज़र आ रही हैं. तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, "आपको हर रोज़ याद करती हूं."
आपको बता दें कि श्रीदेवी की मौत तब हुई थी, जब वो एक शादी में शामिल होने के लिए दुबई में थीं. हालांकि शादी खत्म होने के बाद वो वहीं रुकी हुई थीं और होटल में हुए एक हादसे में उनकी जान चली गई थी.
