बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी सेहत, नींद और फिटनेस को लेकर खुलकर बात की हैं. उन्होंने बताया कि इन दिनों उन्हें कभी-कभी नींद आने में परेशानी होती है. वहीं, वो एक बार फिर नियमित रूप से जिम जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उम्र के साथ शरीर की अपनी सीमाएं भी महसूस होने लगी हैं.

Continues below advertisement

अमिताभ ने कहा कि एक्सरसाइज करने के लिए उनका मन तो तैयार रहता है, लेकिन कई बार शरीर उन्हें थोड़ा आराम करने का इशारा देता है.

नींद न आने से परेशान अमिताभ बच्चनअमिताभ ने अपने ब्लॉग पर सुबह जल्दी उठने से लेकर लिखने के दौरान आने वाली परेशानियों तक का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पिछली रात ब्लॉग पूरा न कर पाने की बात उनके मन में चलती रही, जिसके चलते वो सुबह जल्दी उठ गए.

Continues below advertisement

उन्होंने लिखा, 'ब्लॉग लिखते समय अभी भी अक्षरों का फॉन्ट साइज बदलने में परेशानी हो रही है. अगर किसी को इसका तरीका पता है तो मुझे समझाएं. मैंने गूगल पर भी देखा, लेकिन वहां दिए गए निर्देश समझ नहीं आए. आज थोड़ी जल्दी उठ गया, क्योंकि मन में यही चल रहा था कि कल रात ब्लॉग लिख लेना चाहिए था. अब उम्मीद है कि दोबारा नींद आ जाएगी, अगर नींद आई तो.'

अमिताभ ने आगे बताया कि इंटरनेट पर नींद लाने के लिए कई तरह के शारीरिक व्यायाम और तरीके बताए जाते हैं. उन्होंने इनमें से कई आजमाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. उन्होंने लिखा, 'इंटरनेट पर नींद लाने के लिए कई तरह के शारीरिक तरीके बताए जाते हैं. मैंने सब आजमाकर देख लिए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. इसलिए सबसे अच्छा है कि प्राकृतिक तरीके से सोने की कोशिश की जाए. कंबल में घुसकर उसी तरह सिमटकर सो जाओ, जैसे दुनिया में आने से पहले मां के गर्भ में थे. और बस, नींद आ जाती है. खर्राटे भी शुरू हो जाते हैं. अब जम्हाई आ रही है, जो ऑक्सीजन की कमी का संकेत है. इसलिए अब आराम करने चलता हूं.'

फिटनेस को लेकर की बात अमिताभ ने अपनी फिटनेस को लेकर भी बात की. उन्होंने बताया कि इन दिनों उनका जिम जाना नियमित नहीं हो पा रहा है और वो फिर से अपनी एक्सरसाइज की दिनचर्या पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं.

बिग बी ने लिखा, 'जिम जाने की दिनचर्या थोड़ी बिगड़ गई है, इसलिए इसे फिर से नियमित करने की कोशिश कर रहा हूं. लगातार काम करने से शरीर और दिमाग दोनों थक जाते हैं और ऐसे में खुद पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है. मन कहता है कि हां, एक्सरसाइज करो, लेकिन शरीर कहता है- थोड़ा रुको दोस्त. अपने अंदर के बूढ़े इंसान को हावी मत होने दो. ये कहना आसान है, लेकिन करना मुश्किल. फिर भी कोशिश करनी होगी और मैं करूंगा.'

वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन अपकमिंग फिल्म  'कल्कि 2898 AD - पार्ट 2'  में नजर आएंगे.