कोरोना वायरस के कारण देश भर में लॉकडाउन है. ऐसे में बॉलीवुड के कई सितारों ने देश के हालातो को सुधारने के लिए पीएम कोयर्स फंड में योगदान किया है. अक्षय कुमार से लेकर वरुण धवन तक कई सितारों के डोनेशन करने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अमिताभ बच्चन से सवाल करना शुरू कर दिया कि क्या उन्हें भी बाकि सितारों की तरह मदद के लिए नहीं आना चाहिए?

अमिताभ बच्चन से सोशल मीडिया पर बिना किसी यूजर को टैग किए कविता के अंदाज में बेहद दिलचस्प जबाव दिया है. बिग बी के इस जवाब से साफ है कि उन्होंने अपना आर्थिक योगदान देश के नाम कर दिया है लेकिन वो इसे गुप्त ही रखना चाहते है और बाकि सितारों की तरह कोई ऐलान नहीं करना चाहते.

अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर की है. साथ ही एक कविता भी लिखी है. अमिताभ बच्चन ने लिखा- "एक ने दिया और कह दिया, कि दिया, दूसरे ने दिया और कहा नहीं, कि दिया, दूसरी श्रेणी में ही रहने दो मुझे ऐ प्रियजन, जिसे मिला, वो क्या जाने किसने दिया. जानो उसका बस करुण क्रंदन. इन हालातों में और क्या कहा जाए, जो जानें मुझे, जानें, मैं तो सदा स्वभाव से ही रहा हूं कमसुखन (कम बोलने वाला)."

कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को देश में 21 दिनों के लिए संपूर्ण लॉकडाउन का एलान कर दिया था. इस एलान के बाद सबसे ज्यादा समस्या दिहाड़ी मजदूरों को हो रही है.

पीएम मोदी ने की थी दान की अपील शनिवार को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से दान देने की अपील की. अक्षय कुमार ने पीएम की इस अपील के बाद 25 करोड़ रुपये का दान दिया, भूषण कुमार ने 11 करोड़ रुपए, प्रभास ने 4 करोड़ रुपए, पवन कल्याण 2 करोड़ रुपए, रामचरण ने 1 करोड़ 40 लाख रुपये, उनके तेलुगू सुपर स्टार पिता चिरंजीवी ने 1 करोड़ रुपये और युवा सुपरस्टार महेश बाबू 1 करोड़ रुपये, वरुण धवन ने 30 लाख रुपए, कपिल शर्मा ने 50 लाख रुपये दान किए हैं.