मुंबई: अभिनेत्री आलिया भट्ट आज अपने इंस्टाग्राम पर लाइव आईं और अपने फैंस के कई सवालों के जवाब दिए. लगभग 10 मिनट तक आलिया अपने चाहने वालों के साथ लाइव रहीं. इस दौरान उनके फैंस ने उनसे शादी, फिल्म और निजी जीवन से जुड़े कई सवाल किए. एक फैन ने आलिया से उनका निकनेम पूछा जिसके जवाब में आलिया ने कहा कि उनके कई निकनेम हैं.
आलिया भट्ट का कहना है कि वो बचपन में थोड़ी मोटी थीं, इसलिए उन्हें आलू कहकर बुलाया जाता था. उन्होंने कहा कि मेरा नाम ऐसा है कि इस नाम के कई निकनेम बनाए जा सकते हैं. आलिया के मुताबिक उन्हें ऐल, अली और अलीश जैसे नामों से भी पुकारा जाता है.
इस लाइव चैट के दौरान आलिया से उनकी उम्र को लेकर भी सवाल किया गया, जिसके जवाब में आलिया ने उम्र बताते हुए कहा कि लड़कियों से उनकी उम्र नहीं पूछी जाती. इसके अलावा उनसे शादी को लेकर भी कई सवाल हुए. आलिया ने कहा कि वो अभी सिर्फ 25 साल की हैं तो अभी शादी करना थोड़ी जल्दी होगी.
आपको बता दें कि बीते रोज़ हुए लक्स गोल्डन रोज़ अवॉर्ड्स के दौरान भी आलिया से शादी को लेकर सवाल हुए थे, तब आलिया ने कहा था कि अभी इंतज़ार करना होगा. आलिया फिलहाल फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग में बिज़ी हैं. इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन भी हैं. फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं.
