आलिया भट्ट इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कलंक' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसके बाद वो जल्द सलमान खान के साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म में नजर आएंगी. सलमान खान, आलिया भट्ट से करीब 26 साल बड़े हैं और ऐसे में इन दोनों की इस जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया था. हाल ही में पिंकविला से बात करते हुए आलिया भट्ट ने कहा कि वो इस तरह की आलोचनाओं को खुद पर हावी नहीं होने देतीं. आलिया भट्ट ने कहा, ''मुझे कोई क्रिटिसिजम नजर नहीं आया, मुझे तो सिर्फ बहुत सारी एक्साइटमेंट है.  मुझे लगता है जो भी अटकलें इन दिनों हैं फिल्म को लेकर उससे मुझे , सलमान या भंसाली को कोई खास फर्क पड़ता है. बल्कि मुझे ऐसा लगता है कि अटकलें भी एक प्रकार की एक्साइटमेंट ही होती है. संजय लीला भंसाली एक ऐसे फिल्ममेकर हैं जिनका सब सम्मान करते हैं और उन्होंने कई शानदार फिल्में दी हैं.'' आपको बता दें कि संजय लीला भंसाली ने मार्च में सलमान खान और आलिया भट्ट के साथ अपनी अगली फिल्म के बारे में बताया था. फिल्म का नाम 'इंशाहअल्लाह' है, हालांकि अभी तक फिल्म के प्लॉट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. इससे पहले भी आलिया ने सलमान खान और संजय लीला भंसाली के साथ काम करने को लेकर अपनी एक्साइटमेंट को जाहिर किया था. आलिया ने ट्वीट किया था, ''मैं उस वक्त 9 वर्ष की थी जब पहली बार मैं संजय लीला भंसाली के ऑफिस गई थी. मैं बहुत नरवस थी और लगातार ये दुआ मांग रही थी कि उनकी अगली फिल्म मुझे मिल जाए. ये एक बहुत लंबा इंतजार है. उनकी जोड़ी जादू की तरह है. मैं इस सफर पर जाने के लिए बेचैन हूं. यह बिल्कुल जादुई होने वाला है.'' बता दें कि 19 साल पहले सलमान खान और संजय लीला भंसाली ने ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में काम किया था. इस फिल्म में सलमान के साथ ऐश्वर्या राय और अजय देवन लीड रोल में थे.