मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय जवानों के समर्थन के लिए बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की प्रशंसा की है. सिंह ने बुधवार को अक्षय का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से शहीदों के परिजनों की मदद की अपील करते नजर आ रहे हैं.
सिंह ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "अक्षय कुमार जी 'भारत के वीर' को आपका समर्थन सराहनीय है."
अक्षय ने कहा कि वेबसाइट से पहले ही 10 करोड़ रुपये से अधिक एकत्र किए जा चुके हैं.
उन्होंने कहा, "आज 16 अगस्त को, इस वेबसाइट पर 114 जवानों की तस्वीरें और विवरण हैं. कल..राजनाथजी ने हमसे इन शहीदों के परिजनों की मदद की अपील करने को कहा था."
उन्होंने कहा, "मैं आपसे आग्रह करता हूं कि अगले छह महीने में हमें इन 114 शहीदों के परिजनों की मदद करनी है और उनकी तस्वीरें वेबसाइट से हटानी हैं."
अक्षय ने अंत में लिखा, "वे वहां हैं, इसलिए हम यहां हैं. इन वीरों के सम्मान से अधिक महत्वपूर्ण कुछ नहीं है."