2018 ही नहीं, साल 2019 में भी रहेगी बॉलीवुड वेडिंग्स की धूम, ये कपल्स कर सकते हैं शादी
एबीपी न्यूज | 02 Jan 2019 10:00 PM (IST)
साल 2018 बॉलीवुड में पूरी तरह से शादियों का साल रहा, लेकिन साल 2019 भी इस मामले में पीछे नहीं रहने वाला है. इस साल भी कई बॉलीवुड कपल्स शादी के बंधन में बंध सकते हैं.
नई दिल्ली: बॉलीवुड में साल 2018 कई मायनों में बेहद खास रहा. कहीं ब्रेक-अप की खबरें चर्चा में रहीं तो कहीं नए बॉलीवुड कपल्स की खबरें सुर्खियां बनीं. लेकिन, सबसे ज्यादा चर्चा पिछले साल होने वाली शादियों की रही. एक तरफ जहां रणवीर-दीपिका और निक-प्रियंका की शादी पूरी दुनिया ने देखी तो वहीं दूसरी ओर नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने चुपचाप शादी कर ली. बॉलीवुड की फैशन क्वीन सोनम कपूर ने भी साल 2018 में शादी कर ली. वहीं, अपनी कॉमेडी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले कपिल शर्मा भी गिन्नी चतरथ के साथ शादी के बंधन में बंध गए.
साल 2018 बॉलीवुड में पूरी तरह से शादियों का साल रहा, लेकिन साल 2019 भी इस मामले में पीछे नहीं रहने वाला है. इस साल भी कई बॉलीवुड कपल्स शादी के बंधन में बंध सकते हैं. हम आपको ऐसे ही कुछ बॉलीवुड कपल्स के बारे में बता रहे हैं जो काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और इस साल शादी कर सकते हैं.
1) रणबीर कपूर और आलिया भट्ट
हमारी इस लिस्ट में सबसे पहला नाम रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का आता है. इन दोनों की काफी समय से एक-दूसरे को डेट करने की खबरें आ रही हैं. उम्मीद की जा रही है कि ये जल्द ही शादी कर सकते हैं. आलिया ने इस बार नए साल का जश्न भी रणबीर की फैमिली के साथ मनाया. काफी वक्त पहले आलिया ने करन जौहर के फेमस शो 'कॉफी विद करन' में इस बात का इकरार किया था कि वो रणबीर से शादी करना चाहती हैं. और, रणबीर ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि वो भी अब शादी करना चाहते हैं. फिलहाल, रणबीर और आलिया अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में साथ नजर आने वाले हैं.
2) अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा
रणबीर-आलिया के बाद साल 2019 में शादी करने वालों में दूसरा नाम अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा का है. अरबाज खान से तलाक के बाद ही मलाइका की अर्जुन कपूर के साथ रिलेशनशिप की खबरें सामने आई थीं. ये दोनों लगभग हर इवेंट में एक-दूसरे के साथ ही दिखते हैं. पहले कैमरे के सामने ये दोनों एक-दूसरे के साथ नजर आने से बचते थे, लेकिन अब नए साल में इन्होंने अपने रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ाया है. दरअसल, अर्जुन कपूर के चाचा संजय कपूर ने न्यू ईयर पार्टी रखी थी, जिसमें इन दोनों की करीबियां खुले तौर पर दिखी. पार्टी के बाद अर्जुन कपूर मलाइका का हाथ थामे घर के लिए रवाना होते दिखे. अब ऐसे में ये तो लाजमी है कि बहुत जल्द ये कपल शादी कर सकता है.
3) वरुन धवन और नताशा दलाल
हमारी लिस्ट में तीसरा नाम वरुन धवन और नताशा दलाल का है. ये दोनों बचपन से ही दोस्त हैं और लगता है कि ये दोस्ती साल 2018 में एक रिश्ते का रूप ले सकती है. वरुन और नताशा के रिलेशनशिप की खबरें तब सामने आई थीं, जब वरुन ने 'कॉफी विद करन' में इस बात को स्वीकार किया था. उन्होंने कहा था कि वो नताशा को काफी समय से डेट कर रहे हैं. वरुन इस रिलेशनशिप को लेकर काफी सीरियस दिखते हैं, तभी तो वो किसी इवेंट में भी जाते हैं तो अक्सर नताशा उनके साथ ही दिखती हैं. उम्मीद की जा रही है कि ये दोनों नवंबर महीने में एक-दूसरे से शादी कर सकते हैं.
4) टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी
इस लिस्ट में अगला नंबर है 'फ्लाइंग जट' यानि टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी का. ये एक ऐसा कपल है जिसके रिलेशनशिप में ब्रेक-अप और पैच-अप की खबरें लगातार सुर्खियां बनती रही हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों भी जल्द एक-दूजे के होने वाले हैं. फिलहाल ये कपल मालदीव में क्वालिटी टाइम बीता रहे हैं, लेकिन ये दोनों वहां एक साथ हैं इसकी कोई खबर नहीं है. हालांकि, जब कोई इवेंट होता है तो अक्सर ये कपल एक-साथ ही दिखते हैं और इन्हें साथ देखकर इनके फैन्स भी काफी खुश होते हैं. टाइगर और दिशा ने फिल्म 'बागी 2' में साथ काम किया था और इस जोड़ी को काफी सराहा गया था.
5) राजकुमार राव और पत्रलेखा
साल 2019 में शादी करने वालों में एक नाम राजकुमार राव का है. राजकुमार जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड पत्रलेखा के साथ शादी के बंधन में बंध सकते हैं. इस कपल ने नया साल भी एक-साथ लंदन में मनाया. पत्रलेखा भी एक्ट्रेस हैं और उनकी पहली फिल्म 'सिटी लाइट्स' थी, जिसमें उनके अपोजिट राजकुमार राव थे. ये दोनों एक-दूसरे को उसी वक्त से डेट कर रहे हैं. राजकुमार फिलहाल एक हॉरर मूवी के लिए काम कर रहे हैं.
ये थी उन लोगों की लिस्ट जिनके घर साल 2019 में शहनाईयां बजने की उम्मीद है. इनके फैन्स भी यही चाहेंगे कि जल्द-से-जल्द ये बॉलीवुड कपल शादी कर लें और 2019 को भी बॉलीवुड की शादियों का साल बना दे.
ये भी देखें: आलिया ने कहा वो रणबीर को इस तरह से करना चाहती हैं प्रोटेक्ट