नई दिल्ली: सुपरस्टार आमिर खान ने आज कहा कि वे 'दंगल' की कमाई के बारे में नहीं सोच रहे हैं बल्कि चाहते हैं कि फिल्म लोगों को पसंद आए. आपको बता दें कि फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने ट्वीट करके बताया है कि ‘पहले दिन इस फिल्म ने 29.78 करोड़ की कमाई की है.’ इस तरह से 'दंगल' साल 2016 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है.
वहीं आमिर का मानना है कि वे फिल्म की कमाई के बारे में नहीं सोचते हैं बल्कि हमेशा चाहते हैं कि फिल्म लोगों के दिलों को छूए. वे आंकड़ों की बजाय लोगों की प्रतिक्रिया को ज्यादा महत्व देते हैं. आमिर ने यह बातें तब कही जब उनसे फिल्म की अपेक्षित कमाई को लेकर सवाल पूछा गया. आपको बता दें कि फिल्म की कहानी हरियाणा के पहलवान महावीर सिंह फोगट की जिंदगी पर आधारित है और आमिर खान ने महावीर सिंह की भूमिका को परदे पर जीवंत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.