इन दिनों बॉलीवुड में डिप्रेशन को लेकर कई स्टार खुल कर बात कर रहे हैं. फिर चाहे दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) हो या इलियाना डिक्रूज (Ileana D'Cruz). अब तक कई फिल्म स्टार्स डिप्रेशन को लेकर सबके सामने अपनी बात रख चुके हैं. अब इस लिस्ट में आमिर खान (Aamir Khan) की बेटी इरा खान (Ira Khan) का नाम भी जुड़ गया है. हाल ही में इरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस बात का खुलासा किया है कि वो पिछले 4 सालों से डिप्रेशन में हैं.
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की बेटी इरा खान ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक वीडियो फैंस के साथ शेयर की है, जिसमें वो अपने डिप्रेशन में होने की बात बता रही हैं. इरा ने इस वीडियो में मेंटल हेल्थ को लेकर खुलकर बात की है. इस वीडियो में इरा कहती हैं- 'मैं करीब 4 सालों से डिप्रेसन में हूं. इससे उभरने के लिए मैं डॉक्टर के पास भी गई थी. अब मैं पहले से काफी अच्छा महसूस कर रही हूं. मैं पिछले एक साल से मेंटल हेल्थ को लेकर कुछ करना चाहती थी, मगर समझ नहीं आ रहा था कि क्या और कैसे करूं? इसलिए अब मैंने सोचा है कि मैं आपको अपनी जर्नी के बारे में बताती हूं और वहीं से शुरू करते हैं जहां से मैंने शुरुआत की'.
इतना ही नहीं इस वीडियो में इरा ने आगे कहा- 'मैं किस वजह से डिप्रेशन में हूं? मेरे पास तो सब कुछ है, है ना?.. इस वीडियो को शेयर करते हुए इरा ने कैप्शन लिखा है- 'लाइफ में काफी कुछ चल रहा है. कई लोग बहुत कुछ बोलना चाहते हैं. वास्तव में बहुत सी चीजें आमतौर पर साधारण और ठीक हैं फिर भी सब कुछ ठीक नहीं है. लगता है मुझे कुछ मिल गया है या फिर मिल रहा है, जिसकी वजह से मैं इसे थोड़ा और बेहतर समझ रही हूं. तो मेरी इस जर्नी पर मेरे साथ जुड़िए. कभी बच्चे की तरह, कभी अजीब मैं इस यात्रा में पूरी ईमानदारी के साथ जुड़ना चाहती हूं.'