टीवी का सबसे पॉपुलर और विवादित रिएलिटी शो 'बिग बॉस' (Bigg Boss) का 14वां सीजन 3 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. ग्रैंड प्रीमियर के दिन शो के होस्ट सलमान खान सभी कंटेस्टेंट्स को दर्शकों से रूबरू करवाएंगे. हाल ही में 'बिग बॉस 14' के प्रीमियर से पहले शो के मेकर्स ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी जिसमें सलमान खान ने भी हिस्सा लिया था. इस दौरान सलमान ने दर्शकों को 'बिग बॉस 14' के घर की सैर भी कराई.
हाल ही में सलमान ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि- 'मैं कोरोना वायरस की वजह से काम करने से डर रहा हूं. सब कह रहे हैं कि मास्क लगाने, ग्लव्ज और पीपीपी किट पहनने से काम करते हुए कोरोना का खतरा कम हो जाता है. माइक ठीक करते हुए सेट पर क्रू मेंबर मेरे काफी नज़दीक आ जाते हैं. ऐसा लगता है कि ये लोग मुझे कभी भी किस कर सकते हैं. कोरोना के बाद से मुझे खांसी जुखाम और किस तीनों से डर लग रहा है.'
इतना ही नहीं सलमान ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा कि- 'मेरी भांजी आयत जो कुछ समय पहले ही पैदा हुई है मैं उसके लिए डर रहा हूं. फिर मेरे घर पर बूढ़े माता पिता भी हैं. कोरोना बच्चों और बूढ़ों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहा है. मैं तो ऐसे में काम कर लूंगा लेकिन बच्चों और माता-पिता के बारे में सोच कर डर जाता हूं.'
