How Much Wealth Does Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी 26वें विधानसभा चुनाव में दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने नंदीग्राम से बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर अपना नॉमिनेशन फाइल किया है. सुवेंदु अधिकारी ने अपने नॉमिनेशन पेपर में अपनी चल और अचल संपत्ति के बारे में क्या बताया? और विधानसभा के मौजूदा विपक्षी नेता के नाम पर क्या कोई कार है? यहां हम आपको बताने जा रहें हैं कि उन्होंने अपने एफिडेविट में कितनी संपत्तियों की घोषणा की है.
सुवेंदु अधिकारी ने 30 मार्च को जमा था किया अपना एफिडेविट
नंदीग्राम के उम्मीदवार के तौर पर सुवेंदु अधिकारी ने अपना एफिडेविट बीते 30 मार्च को जमा किया था. उन्होंने इस एफिडेविट में पिछले 5 वित्तीय वर्ष में हुई अपनी इनकम के बारे में बताया है. नंदीग्राम से उम्मीदवार सुवेंदु ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में उनकी इनकम 8 लाख 13 हजार 170 रुपए थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2021-22 में उनकी इनकम 8 लाख 8 हजार 461 रुपए की थी.
कितनी संपत्ति के मालिक हैं सुवेंदु अधिकारी?
साल 2022-23 की वित्तीय वर्ष में सुवेंदु अधिकारी की इनकम 8 लाख 78 हजार 400 रुपए थी, तो वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनकी इनकम थोड़ी बढ़ी. उस वित्तीय वर्ष में उनकी इनकम 10 लाख 37 हजार 160 रुपये थी. हालांकि, वित्तीय वर्ष 2024-25 में पश्चिम बंगाल विधानसभा के मौजूदा विपक्षी नेता की इनकम काफी बढ़ गई और उनकी इनकम 17 लाख 38 हजार 590 रुपये हो गई. सुवेंदु अधिकारी ने एफिडेविट में अपनी चल और अचल संपत्ति की रकम भी बताई. उन्होंने लाइफ इंश्योरेंस और म्यूचुअल फंड समेत कई फील्ड में इन्वेस्टमेंट का भी जिक्र किया, जिसमें कुल मिलाकर, सुवेंदु की चल संपत्ति 2457600.01 रुपये है यानी, उनके पास 24 लाख 57 हजार 600 रुपये की चल संपत्ति है.
विपक्षी नेता के पास ना गाड़ी है और ना गहना
सुवेंदु अधिकारी ने अपने एफिडेविट में बताया कि उनके पास कोई कार नहीं है. उन्होंने ये भी बताया कि उनके पास कोई गहने या कीमती संपत्ति नहीं है. उन्होंने अचल संपत्ति का जिक्र करते हुए बताया कि एगरा में खेती की जमीन में उनका हिस्सा है और उनके पास नंदीग्राम में 1.98 एकड़ जमीन भी है. कुल मिलाकर, उनके नाम पर 2.46 एकड़ खेती की जमीन है. एगरा में खेती की जमीन परिवार से विरासत में मिली है और नंदीग्राम में खेती की जमीन उन्हें दान में मिली थी. उन्होंने बताया कि एगरा में उस खेती की जमीन की मौजूदा कीमत 1 लाख 5 हजार रुपए है और नंदीग्राम में उनके नाम पर खेती की जमीन की कीमत 8 लाख रुपए है.
