Lok Sabha Election 2019: चुनाव से पहले अक्सर अभिनेताओं और सेलिब्रिटीज किसी ना किसी पार्टी का सदस्य बनते हुए देखा जाता है. इसी कड़ी में भारत की पहली मिस ट्रांस क्वीन वीणा सेंद्रे कांग्रेस में शामिल हो गई. वीणा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.

वीणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेने बैंकॉक जाने से पहले बघेल से मुलाकात की थी. इसी मुलाकात के दौरान वीणा ने राजनीति में शामिल होने की इच्छा जताई. वीणा की इसी इच्छा को देखते हुए भूपेश ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई.

राजनीति में शामिल होने के बाद वीणा सेंद्रे ने कहा कि कांग्रेस में आने का सबसे बड़ा कारण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही हैं, क्योंकि वह आज भी डाउन टू अर्थ हैं. वीणा ने आगे कहा, ''मुझे अपनी महिला इम्पावरमेंट और अपनी कम्यूनिटी के लिए कुछ करना है. उनके लिए एक प्लेटफार्म डवलप करना है. मैं चाहती हूं कि ट्रांसजेंडरों को उनका परिवार अपनाए.''

वहीं भूपेश बघेल ने कहा कि ''मिस इंडिया ट्रांसजेंडर वीणा सेंद्रे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेने बैंकॉक जा रही हैं. उन्होंने न केवल मंदिर हसौद बल्कि पूरे राज्य का मान बढ़ाया है.''

बता दें कि छत्तीसगढ़ की वीणा सेंद्रे देश की पहली मिस ट्रांस क्वीन चुनी गई थीं. मुंबई में आयोजित नेशनल लेवल ब्यूटी कॉन्टेस्ट में वीणा ने ट्रांसक्वीन का खिताब अपने नाम किया. उन्होंने तमिलनाडु की नमिता अम्मू को मात देकर यह खिताब जीता है. वह मिस छत्तीसगढ़ भी रह चुकी हैं. वीणा रायपुर के मंदिर हसौद की रहने वाली हैं.

आंध्र प्रदेश: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री किशोर चंद्र टीडीपी में शामिल हुए