Lok Sabha Election 2019: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष ममता बनर्जी ने सूबे में गठंबंधन की अटकलों पर विराम लगाते हुए मंगलवार को सभी 42 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. दिलचस्प है कि इन 42 उम्मीदवारों में 40.5 प्रतिशत महिलाएं हैं. पार्टी ने 17 महिलाओं को टिकट दिया है. 2014 के लोकसभा चुनाव में ममता ने 12 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था. बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी टिकट वितरण में महिलाओं का खास ख्याल रखा है और उन्होंने 31 प्रतिशत महिला उम्मीदवार उतारे हैं.
सूची में सात उम्मीदवार मुस्लिम समुदाय से हैं और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के 12 उम्मीदवार हैं. 2014 के चुनाव में पश्चिम बंगाल में कुल 42 सीटों में तृणमूल कांग्रेस ने 34 सीटें जीती थी. ममता ने 10 मौजूदा सांसदों का नाम काटा है.
चार अभिनेत्रियों को टिकट? टीएमसी उम्मीदवारों की सूची में खास बात है कि चार अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, नुसरत जहां, शताब्दी रॉय और मुनमुन सेन को टिकट दिया है. नुसरत जहां बशीरहाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने राज चक्रबर्ती की फिल्म शोत्रु से करियर की शुरूआत की थी. उसके बाद उन्होंने खोखा 420 में काम किया. उन्होंने साल 2010 में फेयर वन मिस कोलकाता का खिताब जीता.
मुनमुन सेन मशहूर अभिनेत्री मुनमुन सेन को टीएमसी ने आसनसोल से टिकट दिया है. इस सीट से बीजेपी नेता और सिंगर बाबुल सुप्रियो सांसद हैं. मुनमुन सेन की मां सुचित्रा सेन अपने समय की जानी-मानी अभिनेत्री रही हैं. मुनमुन सेन की दो बेटियां रिया सेन और राइमा सेन फिल्मी दुनिया में काम कर रही हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव में मुनमुन सेन को बांकुरा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था और बाद में बांकुरा से विधायक बनी. मुनमुन सेन ने 60 से अधिक फिल्मों और 40 टीवी सीरीज में काम किया है. उन्होंने 1984 में आई फिल्म अंदर-बाहर से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी.
शताब्दी रॉय ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने अभिनेत्री शताब्दी रॉय को बीरभूम से उम्मीदवार बनाया है. शताब्दी 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में बीरभूम सीट से सांसद चुनी गई थी. शताब्दी रॉय ने 1986 में बंगाली फिल्म आतंक से करियर की शुरुआत की थी.
वोटिंग जागरुकता: PM मोदी ने राहुल, ममता, मायावती और अखिलेश को किया टैग, लेकिन केजरीवाल को रखा बाहर
मिमी चक्रवर्ती अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को टीएमसी ने जादवपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने साल 2008 में चैंपियन सीरियल से टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा था. उन्हें गानेर ओपेरे से शोहरत मिली.
अन्य बड़ी हस्तियां जिन्हें ममता ने दिया टिकट अभिनेता दीपक अधिकारी को ममता ने घाटल से टिकट दिया है वह 2014 के लोकसभा चुनाव में भी चुने गए थे. टीएमसी ने पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी प्रसून बनर्जी को हावड़ा से मैदान में उतारा है.
पश्चिम बंगाल में कब है चुनाव? पहला चरण, 11 अप्रैल- कूचबिहार, अलीपुरद्वार. दूसरा चरण, 18 अप्रैल- जलपाईगुड़ी, दार्जीलिंग, रायगंज. तीसरा चरण, 23 अप्रैल- बालूरघाट, माल्दा उत्तर, माल्दा दक्षिण, जंगीपुर, मुर्शीदाबाद. चौथा चरण, 29 अप्रैल- बहरामपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्धमान पूर्व, बर्धमान दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर, बीरभूम. पांचवां चरण, 6 मई- बाणगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलूबेरिया, श्रीरामपुर, हूगली, आरामबाग़. छठा चरण, 12 मई- तामलुक, कांठी, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बाँकुरा, बिष्णुपुर. सातवां चरण, 19 मई- दमदम, बरसात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर.
बीजेपी के ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे लोकसभा चुनाव- ममता बनर्जी
